28 से बीएड के पेपर, छात्रों को नहीं मिले प्रवेशपत्र
मुजफ्फरनगर। 28 जून से चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी के बीएड के पेपर हैं। अभी तक यूनिवर्सिटी ने छात्रों के प्रवेश पत्र अपलोड नहीं किए है। इस कारण सभी स्टूडेंट परेशान है। जिन कॉलेजों में परीक्षा है, उन्हें भी रोल नंबर की सूची विश्वविद्यालय से नहीं मिली है।
चौधरी चरणसिंह विश्वविद्यालय की बीएड की परीक्षा 28 जून से होगी। छात्र-छात्रा परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं, लेकिन उनके सामने परीक्षा को लेकर समस्या उत्पन्न हो गई है। परीक्षा की तिथि के बीच में केवल एक दिन शेष है और विश्वविद्यालय ने अभी तक प्रवेश पत्र अपलोड नहीं किए हैं। स्टूडेंट कंप्यूटर सेंटरों के चक्कर काट रहे हैं। छात्र-छात्रा जहां प्रवेश पत्र नहीं आने से परेशान है, वहीं जिन कॉलेजों में सेंटर है, वहां भी यूनिवर्सिटी की तरफ से रोल नंबर आदि की जो सूची भेजी जाती है वह नहीं भेजी गई। शहर के डीएवी कॉलेज में शांतिदेवी जैन शाहपुर और डीएवी बुढ़ाना का सेंटर है। कॉलेज के मुख्य लिपिक विनोद धीमान ने बताया कि विश्वविद्यालय से अभी तक रोल नंबर की सूची तक नहीं आई है। जो आवश्यक सामग्री आनी है वह भी नहीं मिली है।