मुजफ्फरनगर। स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल मेडिकल यूनिट सेवा दूर-दराज के गांवों के मरीजों के लाभदायक साबित हो रही है। अस्पतालों से दूर बसे इन गांवों में घूमकर इस वाहन पर तैनात चिकित्सक मरीजों का उपचार कर रहा है। मार्च से मई माह तक सात हजार से ज्यादा मरीजों को उपचार दिया जा चुका है।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जनता को गांव-गांव तक स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए मार्च माह से नेशनल मोबाइल मेडिकल यूनिट सेवा आरंभ की गई थी, जो लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है। जिले में दो मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) कार्य कर रही हैं। ये ऐसे गांवों में जाकर लोगों को नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं दे रही हैं, जोकि दूर दराज के क्षेत्र में हैं तथा प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से दूरी पर स्थित है। सीएमओ डा. पीएस मिश्रा ने बताया कि मई माह में चिकित्सा वाहन (एमएमयू) ने बुढ़ाना और शाहपुर ब्लॉक के गांवों में जाकर 2704 मरीजों का उपचार किया एवं 784 लोगों की खून की जांच की गई। मार्च माह से अब तक कुल 7147 से अधिक मरीजों को चिकित्सा सेवा एवं 1667 खून की जांच की जा चुकी है।
एमएमयू के नोडल अधिकारी डा. वीके सिंह ने बताया कि इस माह एक वाहन चरथावल तथा दूसरा मोरना क्षेत्र में कार्य हर रहा है। मोरना ब्लॉक के खेड़ी फिरोजाबाद, कम्हेड़ा, टंढेड़ा, कादीखेड़ा, बेहड़ा सादात, निजामपुर, गंगदासपुर, नयागांव, तेवड़ा एवं ककरौली में तथा चरथावल ब्लाक के सिकंदरपुर, सादपुर, अलीपुर, आखलौर, दीदाहेड़ी, निर्धना, जटनंगला, रोहनीपुर एवं पीपलशाह में वाहन पहुंचेगा। चिकित्सा वाहन के मंडलीय प्रभारी काव्य शर्मा ने बताया कि गांव-गांव में जाकर कम से कम छह घंटे से अधिक रुककर मरीजों का उपचार किया जाता है। वाहन जिस गांव में जाता है, उसी गांव में 14 दिन बाद दोबारा पहुंचता है।
जयपाल सिंह बने अध्यक्ष
मुजफ्फरनगर। मुंशी संघ सिंचाई विभाग के पदाधिकारियों का चुनाव सर्वसम्मति से किया गया। उप राजस्व अधिकारी कार्यालय मुजफ्फरनगर खंड गंगा नहर में हुए चुनाव में जयपाल सिंह अध्यक्ष, अनुज कुमार राठी उपाध्यक्ष, दानवीर सिंह सचिव, संजय कुमार कोषाध्यक्ष तथा मधु बेदी ऑडिटर चुने गए।