खानपान में बदलाव से बढ़ रहे किडनी रोगी
मुजफ्फरनगर। मैक्स अस्पताल के नेफ्रोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डा. मनोज सिंघल ने बताया कि हमारे रहन-सहन में बदलाव किडनी रोगों की बड़ी वजह बन रहा है। अनियमित खानपान शुगर और ब्लड प्रेशर बढ़ा रहा है और यही गुर्दों के रोग की सबसे बड़ी वजह है। शुगर और ब्लड प्रेशर की शिकायत पर गुर्दों की जांच जरूर कराएं।
बुधवार को एक रेस्टोरेंट में पत्रकारों से वार्ता करते हुए डा. मनोज सिंघल ने कहा कि देश में बड़ी संख्या में मरीज किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। शुगर और ब्लड प्रेशर के शुरुआत में ही जांच कराना बेहतर होता है। यदि किडनी ज्यादा खराब हो जाती है तो डायलिसिस और फिर ट्रांसप्लांट के अलावा कोई रास्ता नहीं बचता। मैक्स अस्पताल ने मुुजफ्फरनगर में अपनी ओपीडी सेवा शुरू की है। बालाजी चौक स्थित हार्ट क्लीनिक एवं इमरजेंसी केयर सेंटर में माह के दूसरे और चौथे बुधवार को मैक्स के किडनी रोग विशेषज्ञों से परामर्श ले सकते हैं। शुगर के मरीजों को दस से 15 साल में शरीर में बड़ा नुकसान होना शुरू हो जाता है। हाथ-पैरों में सूनापन, पैरों में सूजन, खून की कमी, कमजोरी, भूख न लगना आदि किडनी की बीमारियों के लक्षण हैं। इन लक्षणों पर शुरुआत में ही ध्यान दिया जाए तो दवाओं से भी उपचार संभव है। इस अवसर पर डा. सुनील चौधरी, डा. डीके सैनी, कृष्ण कुमार आदि मौजूद रहे।