हरियाणा के इंजीनियर का शव गंगनहर में मिला
खतौली (मुजफ्फरनगर)। हरियाणा के इंजीनियर का शव चौथे दिन गंगनहर से बरामद हो गया। शव को देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को अपने साथ ले गए।
हरियाणा में रेवाड़ी के 18 वर्षीय अजय पुत्र राजेश सहरावत किसी कंपनी में मैकेनिक इंजीनियर था। उसके पिता राजेश सहरावत दिल्ली पुलिस में जीप के चालक हैं। इनका परिवार पीतमपुरा पुलिस लाइन दिल्ली में ही रहता है। नौ जून को अजय अपने जीजा हरियाणा के जिला हिसार के गांव सिसाए निवासी मनदीप पुत्र जगमिंद्र व अपने दो दोस्तों हरियाणा के ही रहने वाले अमित पुत्र कर्मवीर व तेजप्रताप पुत्र रविंद्र के साथ कार से हरियाणा से हरिद्वार जाने के लिए निकला था। भीषण गरमी होने के कारण इन चारों ने कार को गंगनहर पर रोक लिया। कार को खड़ी करके चारों गंगनहर में नहाने लगे। गंगनहर में नहाते हुए इंजीनियर डूब गया था। परिजन व पुलिस उसी दिन से गोताखोरों की मदद से अजय को तलाश कर रहे थे। बुधवार की सुबह सठेड़ी गंगनहर पुल के पास अजय का शव मिल गया। गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला। शव को देखते ही परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। परिवार के लोग बिना पोस्टमार्टम कराए शव को अपने साथ ले गए।