शाहनवाज हत्याकांड में 18 जून को होगी सुनवाई
मुजफ्फरनगर। कवाल कांड के शाहनवाज हत्याकांड के तीन आरोपियों की जमानत अर्जी पर सुनवाई अब 18 जून को होगी। जिला जज के अवकाश पर रहने और अधिवक्ताओं की हड़ताल के कारण मंगलवार को सुनवाई नहीं हो सकी। उधर, सीजेएम कोर्ट में सभी आरोपियों की पेशी की तारीख 17 जून लगी है।
कवाल कांड के शाहनवाज हत्याकांड में पुलिस ने 4 जून को पांच आरोपियों प्रहलाद सिंह, तेशंदर उर्फ तेंदू, बिशन पुत्रगण इकत्यार सिंह, देवेंद्र व जितेंद्र पुत्रगण प्रहलाद सिंह का गिरफ्तार कर सीजेएम कोर्ट में पेश किया था। कोर्ट ने उनकी जमानती अर्जी खारिज कर जेल भेज दिया था। बचाव पक्ष के अधिवक्ता अनिल जिंदल ने पांच में से तीन आरोपियों प्रहलाद, बिशन और तेंदर उर्फ तेंदू की जमानत के लिए जिला जज संजय कुुमार पचौरी की अदालत में अर्जी दाखिल की थी। इस पर अदालत ने जमानत अर्जी पर सुनवाई के लिए 11 जून मंगलवार की तारीख तय की थी। मंगलवार को जिला जज के अवकाश पर रहने और अधिवक्ताओं की हड़ताल के कारण कोर्ट में सुनवाई नहीं हो सकी। जमानत अर्जी पर सुनवाई के लिए अब 18 जून की तारीख नियत की गई है। उधर, सीजेएम कोर्ट में पांचों आरोपियों की पेशी के लिए 17 जून की तारीख लगी है। इस हत्याकांड के छठे आरोपी रविंद्र सिंह उर्फ पटवारी की जानसठ पुलिस कुर्की कर चुकी है।