‘भोजन की थाली में लाएंगे गुड़ की मिठास’
मुजफ्फरनगर। प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने कहा कि गुड़ हमारी संस्कृति से जुड़ा है। भोजन की थाली से गुड़ कब गायब हो गया, पता ही नहीं चला। जब से गुड़ गया भोजन का मिठास भी चली गई। इस मिठास को भोजन की थाली से दोबारा जोड़ना होगा। इस सब के पीछे किसानों की आय दोगुनी करना भी हमारा मकसद है।
श्रीराम कॉलेज में आयोजित गुड़ महोत्सव में समापन समारोह में जिले के प्रभारी मंत्री सतीश महाना ने कहा कि गुड़ के उत्पादन और बिक्री को लेकर जितनी भी परेशानी है। इन सभी को दूर किया जाएगा। जिला प्रशासन समस्याओं और गुड़ उद्योग जो रियायतें दी जा सकती है। उनका एक आउटपुट तैयार करें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने रखकर निराकरण करा दिया जाएगा। गुड़ महोत्सव से इस जिले के गुड़ की मिठास पूरे देश में पहुंचेगी। हमारे देश का मूल किसान है। हमारी सरकार किसान के सुखदुख में शामिल होकर, उसकी परेशानियों को खत्म करना चाहती है। गुड़ महोत्सव भी इसी श्रृंखला का एक हिस्सा है। हम बचपन में भोजन करते तो हमारी थाली में गुड़ भी होता था। यह गुड़ थाली से कब गायब हो गया पता ही नहीं चला। गुड़ की इस मिठास को दोबारा थाली में पहुंचाना है। गुड़ महोत्सव से इसकी शुरूआत हुई है।
बड़े होटल में जिसे हम ब्राउन शुगर बताकर चाव से खाते हैं। इस खांड़ का खुद हमने प्रयोग बंद कर दिया। गुड़, खांड़ और राब के लिए हमें काम करना है। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने इस चुनाव में जाति की दीवारों को तोड़ दिया है। विश्वास दिलाया कि भाजपा पर जनता ने जिस तरह से भरोसा किया है। इस भरोसे को कायम रखा जाएगा। भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि गुड़ हमारी ग्रामीण संस्कृति में रचा बसा है। बहुत सी खाने की चीजें हम गुड़ से ही बनाते रहे हैं। चूरमा हमारी खास पहचान होती रही है। बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक ने कहा कि अब जिले में बिजली विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी किसी कोल्हू संचालक का उत्पीड़न नहीं कर पाएगा। शहर विधायक कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि देश के दूसरे स्थानों पर हमारी पहचान गुड़ से ही है। हम किसी के पास गुड़ लेकर जाते हैं तो वह खुश हो जाता है। एक हजार के मिठाई के डिब्बे से ज्यादा स्नेह 100 रुपए का दो किलो गुड़ देने पर मिलता है। पुरकाजी विधायक प्रमोट ऊंटवाल ने भी विचार रखे। श्रीराम कॉलेज के पत्रकारिता विभाग के रवि गौतम और उनकी टीम के द्वारा गन्ने पर तैयार डाक्यूमेंट्री भी दिखाई गई। डीएम अजय शंकर पांडेय ने गुड़ महोत्सव की उपलब्धि बताई। महोत्सव में जिला सहकारी बैंक के संचालक सुभाष चौधरी समेत अन्य लोगों को भी सम्मानित किया। संचालन डॉॅॅ. एससी कुलश्रेष्ठ और प्रशांत चौहान ने किया।
मुख्यमंत्री ने की सराहना
गुड़ महोत्सव का आयोजन करने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन की सराहना की है। मुख्यमंत्री ने भेजे संदेश में कहा कि समाज और राष्ट्र हित के कार्यक्रम लगातार होते रहने चाहिए। एक जिला, एक उत्पाद में गुड़ को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन सभी रचनात्मक कदम उठाए। एडीएम वित्त आलोक कुमार ने सीएम का संदेश पढ़कर सुनाया।
महाना ने दिया डीएम को अभिनंदन पत्र
प्रदेश के औद्योगिक विकास एवं जिले के प्रभारी मंत्री सतीश महाना ने डीएम अजय शंकर पांडेय को गुड़ महोत्सव के सफल आयोजन के लिए अभिनंदन पत्र भी दिया।