आरती के साथ गंगा स्नान मेले का शुभारंभ
मोरना। शुकतीर्थ स्थित गंगाघाट पर मां गंगा की आरती के साथ ज्येष्ठ गंगा दशहरा स्नान मेले का शुभारंभ हो गया। इस अवसर पर साधु संतों सहित प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। इस बीच मेले को लेकर विभिन्न प्रकार के प्रतिष्ठान लगने प्रारंभ हो गए हैं। बृहस्पतिवार को मुख्य गंगा स्नान में भारी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे।
जिला पंचायत की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले ज्येष्ठ गंगा स्नान मेले का शुभारंभ एसडीएम जानसठ विजय सिंह द्वारा किया गया। गंगा घाट पर मां गंगा की महाआरती का आयोजन किया गया। मेले की तैयारियों को लेकर गंगा घाट पर श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था की गई है। वहीं, श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर मां गंगा की पूजा की। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता डा. वीरपाल निर्वाल, तहसीलदार जानसठ पुष्करनाथ चौधरी, सीओ भोपा राममोहन शर्मा, जिला पंचायत की अपर मुख्य अधिकारी डा. नूतन शर्मा, अभियंता कमल किशोर शर्मा, अवर अभियंता अरविंद कुमार, श्री गंगा सेवा समिति के महामंत्री महकार सिंह, विनोद शर्मा चेयरमैन, डा. महकार सिंह, पंकज माहेश्वरी, मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण के सचिव महेंद्र प्रसाद आदि मौजूद रहे।