मुजफ्फरनगर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छपार के निरीक्षण के दौरान चिकित्साधिकारी समेत अन्य स्टाफ नदारद मिला। सीएमओ ने सभी का वेतन रोकने के आदेश जारी किए हैं।
सीएमओ डॉक्टर पीएस मिश्रा ने बृहस्पतिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छपार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश, एलएचवी राजेश शर्मा अनुपस्थित मिले। दोनों की पांच जून की भी उपस्थिति दर्ज नहीं थी। एलडीसी अरविंद कुमार राजवंशी के उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर तो मिले, लेकिन वह अस्पताल से नदारद थे। सीएमओ ने अरविंद कुमार का एक दिन का वेतन रोकने के आदेश दिए। निरीक्षण के दौरान ओपीडी रजिस्टर अपूर्ण पाया गया, इसे तुरंत पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा स्वास्थ्य उप केंद्र छपार में निरीक्षण के दौरान एएनएम आदेश रानी अनुपस्थित पाई गईं। उनका एक दिन का वेतन रोकने के आदेश दिए गए। सीएमओ ने अनुपस्थित पाए गए चिकित्साधिकारी व अन्य स्टाफ का स्पष्टीकरण तलब किया है तथा अनुपस्थिति के दिनांक का वेतन रोकने के आदेश दिए हैं। निरीक्षण में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छपार में साफ-सफाई की व्यवस्था ठीक नहीं मिली। इस पर सीएमओ ने नाराजगी जताई तथा व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा।