मुजफ्फरनगर। गठबंधन के कई महारथी अपने गांव में ही रालोद मुखिया चौधरी अजित सिंह को वोट नहीं दिला पाए। बसपा के पूर्व सांसद राजपाल सैनी के गांव लुहसाना, पूर्व मंत्री योगराज सिंह के गांव अलावलपुर, पूर्व राज्य मंत्री मुकेश चौधरी के गांव मुकंदपुर, बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रविंद्र गौतम के गांव अलावलपुर मजरा में केसरिया ही मतदाताओं की पसंद बना। सांसद बने डॉ संजीव बालियान के गांव कुटबा-कुटबी में भाजपा को एकतरफा वोट मिला, वहीं बसपा के पूर्व सांसद कादिर राना के गांव सूजडू में छोटे चौधरी को बंपर मत मिले।
पूर्व मंत्री योगराज सिंह के गांव अलावलपुर में रालोद को झटका लगा। यहां गठबंधन को केवल 277 मत ही मिल सके, जबकि भाजपा को 447 वोट मिले। वर्ष 2017 में योगराज सिंह बुढ़ाना से रालोद के प्रत्याशी भी रह चुके हैं। अलावलपुर गांव के ही रालोद के राष्ट्रीय सचिव ब्रह्मसिंह बालियान और जिला सचिव अशोक बालियान हैं। हालांकि रालोद के पूर्व विधायक राजपाल बालियान के गांव गढ़ी नौआबाद में छोटे चौधरी को ही बढ़त मिली। यहां गठबंधन को 1427 और भाजपा को 1249 मत मिले। बुढ़ाना विधानसभा में ही बसपा के पूर्व सांसद राजपाल सैनी का गांव लुहसाना है, जहां गठबंधन प्रत्याशी के 591 वोट हिस्से में आए। भाजपा को 1455 वोट मिले।
बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक के गांव डूंगर में वोटों की खींचतान रही। गठबंधन को 830, जबकि भाजपा को 1268 वोट मिले। भाजपा किसान प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक रामकुमार सहरावत के गांव गढ़ी सखावतपुर में भाजपा की धूम रही। भाजपा को 1141 तथा गठबंधन को 487 वोट मिले। जिला पंचायत सदस्य पति नितिन मलिक के गांव सरनावली में भाजपा को 1020 तथा गठबंधन को 515 वोट मिले। सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी के बुढ़ाना कस्बे के बूथ संख्या 109 पर अजित सिंह को 476 तथा बालियान को 363 मत मिल सके।
चरथावल विधानसभा में जिले के बड़े नेताओं के गांव आते हैं। सांसद डॉ संजीव बालियान के गांव कुटबी में रालोद प्रत्याशी केवल 95 मत ले सके। भाजपा को 1648 वोट मिले। पड़ौसी गांव कुटबा में भी भाजपा को 2345 मत मिल गए, जबकि गठबंधन को मात्र 296 मतों पर ही संतोष करना पड़ा। बसपा के पूर्व सांसद कादिर राना के गांव सूजडू में अजित सिंह को बंपर वोट मिला। मुस्लिम बाहुल्य सूजडू में गठबंधन को 11863 वोट मिले। भाजपा केवल 1315 वोट ही ले पाई। पूर्व राज्य मंत्री एवं सपा नेता मुकेश चौधरी अपने गांव मुकुंदपुर में गठबंधन को नहीं जिता सके। भाजपा को मिली 1204 वोटों के मुकाबले गठबंधन को यहां 587 वोट ही मिल सके। बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रविंद्र गौतम के गांव अलावलपुर मजरा में भाजपा को 528 तथा गठबंधन को 233 मत मिले। सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सतेंद्र सैनी के गांव लुहारी खुर्द में गठबंधन को 1521 और भाजपा को 1069 वोट हिस्से में आए। रालोद के पूर्व एमएलसी मुश्ताक चौधरी के गांव हरसौली में छोटे चौधरी को 3491 वोट मिले। डॉ बालियान को यहां 1802 वोट मिले। खतौली विधानसभा में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ सुधीर सैनी के गांव बड़सू में बालियान को 1552 तथा गठबंधन को 904 वोट मिले।
आदर्श गांव ने रखा सांसद का मान
मुजफ्फरनगर। सांसद के आदर्श गांव रसूलपुर जाटान में भी भाजपा ही पहली पसंद बनी। बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र के गांव रसूलपुर जाटान में बूथ संख्या 231 और 232 पर चौधरी अजित सिंह को 536 मत मिले, जबकि डॉ संजीव बालियान को 872 वोट डाले गए।
गौरव और अंजू के बूथों पर पिछड़ा गठबंधन
मुजफ्फरनगर। सपा जिलाध्यक्ष गौरव स्वरूप एवं नगर पालिका चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल के बूथों पर भी गठबंधन प्रत्याशी चौधरी अजित सिंह को ज्यादा वोट नहीं मिल पाए। गौरव के जीसी पब्लिक स्कूल के बूथों पर गठबंधन के हक में 545 वोट पड़े, जबकि भाजपा को 3286 वोट मिले। नगर पालिका अध्यक्ष अंजू अग्रवाल के अग्रसेन विहार के बूथ 237 पर गठबंधन मात्र 95 वोट ले सकी। भाजपा ने 640 मत लिए।
शहर में भाजपा नेताओं के बूथों पर मोदी क्रेज रहा। शहर विधायक कपिलदेव अग्रवाल के बूथ नंबर 203 पर भाजपा को 590 और गठबंधन को 102 वोट मिले। पुरकाजी विधायक प्रमोद ऊंटवाल के बूथ संख्या 246 पर भाजपा को 582 तथा गठबंधन को 132 मत मिले। पूर्व सांसद सोहनवीर के बूथ संख्या 234 पर छोटे चौधरी को केवल 100 मत मिले, भाजपा ने 574 वोट हासिल किए। पूर्व विधायक अशोक कंसल के बूथ नंबर 259 पर गठबंधन को सिर्फ 44 वोट मिले। भाजपा ने 564 मतों की बाजी मारी। पूर्व नगराध्यक्ष राजीव गर्ग के बूथ संख्या 254 पर भाजपा को 607 तथा गठबंधन को केवल 39 मत मिले। पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य जगदीश पांचाल के बूथ संख्या 148 पर भाजपा को 463 तथा गठबंधन को 84 वोट मिले। पूर्व जिलाध्यक्ष देवव्रत त्यागी के बूथ नंबर 231 पर भाजपा 478 तथा गठबंधन 197 मत ले पाया। कांग्रेस के पूर्व सांसद सईदुज्जमा के बूथ संख्या 39 पर भाजपा को केवल 11 वोट मिले, जबकि गठबंधन के हिस्से में 573 मत आए। बसपा के पश्चिम जोन कोर्डिनेटर जियाउरहमान के बूथ संख्या 47 पर भाजपा मात्र चार मत ले पाई, जबकि गठबंधन को 487 मत मिले।