मुजफ्फरनगर। इटली में चल रही वर्ल्ड रैंकिंग सीरीज प्रतियोगिता में जिले की बेटी दिव्या काकरान ने देश के लिए कांस्य पदक जीत लिया। इस जीत के साथ ही अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान दिव्या ने विश्व स्तर पर अपनी रैंकिंग में सुधार किया है। उसकी इस कामयाबी से उसके गांव पुरबालियान और दिल्ली में रह रहे परिवार में हर्ष का माहौल है।
इटली के ससारिन शहर में वर्ल्ड रैंकिंग सीरीज प्रतियोगिता चल रही है। शुक्रवार को दिव्या काकरान ने 68 किलोग्राम वर्ग भार में कजाकिस्तान की पहलवान इराना को हराकर कांस्य पदक जीत कर जिले का नाम रोशन किया। उसने पदक जीत कर अपनी रैंकिंग में सुधार किया है, जो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने में मददगार साबित होगा। बेटी की इस सफलता से उसके परिवार में खुशी का माहौल है। दिल्ली स्थित गोकलपुर आवास पर पिता सूरज पहलवान, दादा राजेंद्र पहलवान, दादी प्रेमवती, मां संयोगिता, भाई दीपक सेन को परिचितों ने बधाई दी। गांव पुरबालियान में भी दिव्या की कामयाबी से ग्रामीणों में हर्ष है। पिता सूरज पहलवान ने बताया कि दिव्या का सपना अब अगले वर्ष टोक्यो ओलंपिक में देश के लिए पदक जीतना है। गत माह उसने चीन में सीनियर एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में भी कांस्य पदक जीता था। दिव्या अब तक देश-विदेश में 69 पदक जीत चुकी है।