मुजफ्फरनगर। एशियाड पदक विजेता पहलवान दिव्या काकरान को प्रदेश सरकार लक्ष्मीबाई अवॉर्ड से सम्मानित करेगी। 24 जनवरी को लखनऊ में सीएम योगी उन्हें यह अवॉर्ड देंगे।
दिव्या के पिता सूरज पहलवान ने बताया कि लखनऊ से खेल निदेशालय के अधिकारी आरपी यादव ने इस संबंध में उन्हें जानकारी दी। दिव्या को 23 जनवरी की शाम तक लखनऊ पहुंचने को कहा गया है। उसे लक्ष्मीबाई अवॉर्ड मिलने से उसके दादा राजेंद्र पहलवान, दादी प्रेमवती, पिता सूरज पहलवान, मां संयोगिता समेत सभी परिजनों में खुशी की लहर है। मंसूरपुर क्षेत्र के गांव पुरबालियान निवासी सूरज पहलवान की बेटी दिव्या काकरान ने अपनी ताकत, तकनीक और प्रतिभा से गत वर्ष अंतरराष्ट्रीय कुश्ती में शानदार आगाज किया था। आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में आयोजित 21 वें राष्ट्र मंडल खेलों में दिव्या ने बांग्लादेश की सुल्ताना को सिर्फ 36 सेकंड में पटखनी देकर देश को कांस्य मेडल दिलाया। इसके बाद इंडोनेशिया के जकार्ता में हुए 18वें एशियन गेम्स में उसने 68 किग्रा फ्री स्टाइल में भी कांस्य पदक जीता। दिव्या का यह पहला एशियाड था, जिसमें उसने चीनी ताईपे की रेसलर चेन वेनलिंग को 10-0 से केवल 1.29 मिनट में चित कर दिया। इससे पहले वह एशियाई जूनियर चैंपियनशिप में रजत पदक विजेता बनी। हरियाणा के भिवानी में हुए दंगल में भारत केसरी बनी। उसके गांव पुरबालियान में भी उसकी कामयाबी से खुशी की लहर है।