विदर्भ के बल्लेबाजों पर अंकुश लगाएंगे यूपी के गेंदबाज
मुजफ्फरनगर। कूच बिहार ट्राफी में यूपी और विदर्भ की टीमें ग्रुप में सबसे मजबूत है। अभी तक के मैचों में आंकड़े भी गवाह है। बल्लेबाजी और गेंदबाजी में दोनों टीम के पास होनहार खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है।
यूपी ने अभी तक खेले सभी पांच मैच जीते हैं। कप्तान आर्यन शर्मा के नेतृत्व में आज से प्रारंभ हो रहे मैच में बल्लेबाज धु्रव सी जेरल, समीर चौधरी, अंश यादव और पूर्णांक त्यागी टीम के लिए अच्छा स्कोर कर सकते हैं। गेंदबाजी में मोहित जांगड़ा और पूर्णांक त्यागी की गेंदे विदर्भ के बल्लेबाजों की मुश्किलें बनेगी। मोहित ने दिल्ली के खिलाफ आखिरी मैच में 8 विकेट लिए थे। मेरठ में तमिलनाडु के विरुद्ध पूर्णांक ने भी आठ बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा था। कोच मोहम्मद आमिर और मैनेजर सतीश जायसवाल ने बताया कि यूपी टीम जीत के मकसद से मैदान में उतरेगी। ट्राफी के छह मैचों में 29 अंक जुटा चुकी विदर्भ की टीम ने स्टेडियम में प्रैक्टिस के दौरान जो रुख दिखाया, उससे जाहिर है कि मुकाबला यूपी के लिए आसान नहीं होगा। विदर्भ की सबसे बड़ी ताकत टीम के बल्लेबाज हैं। कप्तान यश कदम के साथ वाईवी राठौड़, हर्ष दूबे, नयर आर चव्हाण और मंदार मेहले को पिच पर रोकना चुनौती रहेगा। जहां पर गेंदबाजी का सवाल है, तो विदर्भ के तेज गेंदबाज रोहित दत्तात्रेय छह मैचों में 29 विकेट ले चुके हैं। इसके अलावा नचिकेत भूटे, दुष्यंत टेकन क्रमश: 26 और 20 विकेट चटका चुके हैं। ऑलराउंडर हर्ष दुबे ने भी अपनी स्पिन पर 14 बल्लेबाजों को आउट कर चुके है। विदर्भ के कोच उस्मान गनी और मैनेजर नईम रज्जाक ने बताया कि बड़ा स्कोर करना बल्लेबाजों का लक्ष्य रहेगा। सर्दी और कोहरे की वजह से पिच कैसा खेलेगी इस पर भी प्रदर्शन टिका है।