अमर उजाला ब्यूरो
बुढ़ाना। चौधरी चरण सिंह की 116वीं जयंती पर कस्बा और देहात क्षेत्र में यज्ञ के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम व विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ। वक्ताओं ने उनको गरीबों और किसानों का मसीहा बताया।
रालोद कार्यकर्ताओं ने रविवार को सुबह चौधरी साहब की मूर्ति के पास सफाई व्यवस्था आदि करवाकर यज्ञ कराया। विधि विधान के साथ यज्ञ के बाद उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण किया गया। इस मौके पर आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने बताया कि चौधरी साहब का कहना था कि देश की उन्नति का रास्ता किसानों के खेेतों से होकर गुजरता है। खेत में किसान मेहनत कर पूरे देश को अन्न खिलाता है। जिस देश का किसान दुखी और भूखा होगा। वह देश कभी तरक्की नहीं कर सकता। मौके पर पूर्व मंत्री योगराज सिंह, पूर्व विधायक राजपाल बालियान, बालकिशोर त्यागी, सहकारी समिति के चेयरमैन सुरेंद्र सहरावत, रामनिवास सहरावत, जगपाल सिंह, संजय शर्मा, रविंद्र सैनी आदि रहे। उधर, थाना फुगाना के सामने रजनीश मलिक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खेड़ामस्तान में भी गठवाला खाप के ग्रामीणों ने चौधरी साहब की जयंती धूमधाम से मनाई। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तरसपाल मलिक, रजनीश मलिक, चौ. धामसिंह, चौ. मुकेश मलिक, महिपाल सिंह, अमित मलिक, किशनसिंह, नरेंद्र मलिक रविंद्र राठी सगड़ी सहित गठवाला खाप के कई गांवों के ग्रामीण मौजूद रहे।
खरड़ गांव के किसान इंटर कॉलेज में भी चौधरी साहब की जयंती धूमधाम से मनाई गई। प्रधानाचार्य यशपाल सिंह, नितिन मलिक, बिजेन्द्र मलिक, सुभाष मलिक आदि रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भी चौ. साहब की जयंती पर उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण किया। मौके पर भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष राजेश संगल, विरेन्द्र राणा, अभिषेक संगल सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।