धूमधाम के साथ कलश यात्रा निकाली
अमर उजाला ब्यूरो
मोरना। शुकतीर्थ गोडिया मठ में साप्ताहिक भागवत कथा के शुभारंभ मौके पर धूमधाम से कलश यात्रा निकाली गई। रथयात्रा का आश्रमों और धर्मशालाओं के मुख्य द्वार व चौराहों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
पौराणिक धर्मनगरी शुकतीर्थ के गोडिया मठ इंचार्ज त्रिदंडी भिक्षु भक्ति भूषण श्रीधर ने बताया कि आठ से 14 दिसंबर तक साप्ताहिक भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। त्रिदंडी स्वामी भक्ति भूषण गोविंद महाराज अपने श्रीमुख से भागवत कथा का रसपान कराकर धर्मलाभ कराएंगे और प्रतिदिन शाम साढ़े सात बजे से दस बजे तक रासलीला का आयोजन भी होगा। इससे पूर्व, भागवत कथा के शुभारंभ को लेकर कलश यात्रा फिरोजपुर गोडिया मठ से प्रारंभ हुई, जो एसडी इंटर कालेज, शनिधाम, शुकदेव तिराहे, अंबेडकर चौक से गंगा घाट पहुंची। पुरोहितों ने मंत्रोच्चारण के बीच मां गंगा की पूजा अर्चना की। कलश यात्रा गणेशधाम, हनुमानधाम से गंगा मंदिर होते हुए शुकदेव आश्रम में पहुंच कर प्राचीन वट वृक्ष की परिक्रमा करते हुए वापस गोडिया मठ आश्रम में आकर समाप्त हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भजन कीर्तन पर जमकर नृत्य किया। कथा के आयोजन में डा. संगीता अग्रवाल, कुंवर देवराज पंवार, सुंदर प्रकाश चोपड़ा, विपिन अग्रवाल, कोस्तुभ नियोगी, चमनलाल होरा, अतुल अग्रवाल, बबलू यादव, रजनीश यादव आदि मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।