एक रुपये का छोटा सिक्का बन गया खोटा
पुरकाजी। एक रुपये का छोटा सिक्का नहीं लेने से ग्राहक और दुकानदार दोनों परेशान हैं।
बिजली के बिल जमा करते समय विद्युत निगम के कर्मियों द्वारा सिक्का नहीं लेने से उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को बिजली का बिल जमा करने गए कुछ ग्राहकों से कैशियर द्वारा सिक्का नहीं लेने पर झड़प हो गई। इसके बावजूद कैशियर ने सिक्का लेने से साफ इंकार कर दिया। कैशियर का कहना है कि बैंक कर्मी इस सिक्के को लेने में आनाकानी करते हैं, जिस पर हम सिक्के को नहीं ले रहे हैं। गंगा बैंक मैनेजर विजय शर्मा का कहना है कि छोटे साइज का एक रुपये का सिक्का लेने में कोई परेशानी नहीं है।
अवैध कब्जा हटवाया
पुरकाजी। शासन द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को डीएम के आदेश पर टीम ने खादर क्षेत्र के ग्राम रजगल्लापुर का दौरा किया। ग्रामीणों की शिकायत पर मौके पर जाकर जांच करने के उपरांत गांव के श्मशान घाट व चकरोड पर किए गए अवैध कब्जे को टीम ने हटवा दिया। टीम में कानूनगो प्रवीण गुप्ता, लेखपाल वेदप्रकाश, सुक्रमपाल, विपिन गोयल शामिल रहे। उधर, कस्बे के बिल्ली शाह चौक पर किए गए अवैध अतिक्रमण को पंचायत कर्मियों ने हटवा दिया। कस्बे में बिल्ली शाह चौक पर सड़क निर्माण कराया जा रहा है, जहां पर कुछ मोहल्ले वासियों ने नालियों पर अवैध अतिक्रमण कर रखा है। निर्माण कार्य में बाधा आने पर नगर पंचायत कर्मियों ने अवैध अतिक्रमण हटवाने का प्रयास किया, जिसका मोहल्ले के लोगों ने विरोध किया। शनिवार को ईओ मनोज यादव व बाबू समर काजमी ने पुलिस फोर्स , पंचायत कर्मियों के साथ मौके पर जाकर जांच की और अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को जेसीबी से हटवा दिया। इस संबंध में नगर चेयरमैन जहीर फारूकी का कहना है कि विकास कार्य के दौरान जहां पर भी अवैध अतिक्रमण होगा उसे हटवाया जाएगा।
मारपीट कर नगदी लूटने का आरोप
पुरकाजी। एक ग्रामीण ने थाने पर तहरीर देकर गांव के ही कुछ लोगों पर मारपीट कर नगदी लूट लेने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित गोविंद का आरोप है कि गांव के ही अंकित, बबली नेे अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर मारपीट कर घायल कर दिया। जेब से दस हजार रुपये की नगदी लूट ले गए।