श्रम अधिकारी ने दिया पुनर्वास का आश्वासन
मोरना। न्याय न मिलने से नाराज हुए दलितों द्वारा धर्म परिवर्तन की चेतावनी से सक्रिय हुआ प्रशासन अब दलितों की सुनवाई करने लगा है। सोमवार को श्रम विभाग के अधिकारियों ने गांव तिस्सा पहुंचकर भट्ठा मजदूरों की समस्याओं को सुनते हुए पुनर्वास का आश्वासन दिया।
भोपा क्षेत्र के गांव तिस्सा में दलित समाज के मजदूर भट्ठा संचालक एवं गांव के ही ठेकेदार पर मजदूरी के 40 लाख रुपये नहीं देने का आरोप लगा रहे हैं, जिसके चलते पीड़ित मजदूरों ने पंजाब राज्य के भट्ठा संचालक व गांव के ठेकेदार के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग प्रशासन से की थी। भोपा पुलिस द्वारा ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई न करने व उल्टा पीड़ितों को धमकाने से खिन्न दलित परिवारों ने सामूहिक रूप से धर्म परिवर्तन करने की चेतावनी दे रखी है। धर्म परिवर्तन से प्रशासन ने पीड़ितों की सुनवाई आरंभ कर दी है। भोपा पुलिस आरोपी ठेकेदार लोकेश के विरुद्ध मुकदमा कायम कर चुकी है। सोमवार को डिप्टी लेबर कमिश्नर सहारनपुर मधुर सिंह व श्रम प्रवर्तन अधिकारी मुजफ्फरनगर केके मिश्रा की टीम गांव तिस्सा स्थित रविदास मंदिर पहुंची। अधिकारियों ने पीड़ितों को पुनर्वास का आश्वासन दिया। मजदूरी की रकम को दूसरे राज्य का मामला बताया। वहीं, भट्ठा कामगार यूनियन के जिलाध्यक्ष उदयवीर सिंह व मंत्री सुभाष उपाध्याय भी दलित परिवारों से मिले और हक की लड़ाई में साथ रहने का आश्वासन दिया।