10 प्रतिशत छात्रों के नहीं बने आधार कार्ड
मुजफ्फरनगर। हाईस्कूल या इंटरमीडिएट कक्षा में हैं और आधार कार्ड पास नहीं है तो समझिए आपकी परीक्षा नहीं होगी। इस बार आपकी बोर्ड परीक्षा आधार कार्ड पर टिकी है। जिले में भी 61 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे, जिनमें से 10 प्रतिशत विद्यार्थी के पास आधार कार्ड नहीं हैं। ऐसे में यह विद्यार्थी कैसे परीक्षा देंगे। शिक्षा विभाग ने कॉलेजों को फरमान जारी कर आधार कार्ड के लिए छात्रों को नसीहत दी है।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की छह फरवरी से परीक्षाएं प्रारंभ होंगी। इसके लिए शिक्षा विभाग तैयारियों में लगा है। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि सबसे अहम आदेश छात्र-छात्राओं को लेकर दिया गया है। परीक्षा में मुन्ना भाइयों पर नकेल कसने के लिए आधार कार्ड अनिवार्य किया गया है। बगैर आधार कार्ड के छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल नहीं हो सकते हैं। जिले में हाईस्कूल में 32006 रेग्युलर, 1105 प्राइवेट छात्र-छात्राएं परीक्षा में भाग लेंगे, जबकि इंटरमीडिएट वर्ग में रेग्युलर 24655 तथा प्राइवेट 3677 है। कुल मिलाकर करीब 61443 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में बैठेंगे। इनमें से करीब 6 हजार विद्यार्थियों के पास आधार कार्ड नहीं हैं। ऐसे में इन्हें परीक्षा में दिक्कत हो सकती है। डीआईओएस मुनेश कुमार की ओर से कालेजों को फरमान जारी कर छात्र-छात्राओं के आधार कार्ड संबंधित जानकारियों को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
छात्रों के पास एक माह का समय
मुजफ्फरनगर। बोर्ड परीक्षाएं छह फरवरी से प्रारंभ होंगी। ऐसे में अपने आधार कार्ड के साथ अन्य प्रमाण-पत्रों को पूरा करने के लिए छात्रों के पास जनवरी माह बाकी है। साइबर कैफे, लोकवाणी केंद्रों पर जाकर विद्यार्थी अपने आधार कार्ड पूर्ण करा लें, ताकि परीक्षा में कोई दिक्कत नहीं हो सके।
-------------------
जिले की तहसीलों में छात्रों का ब्योरा
क्षेत्र-------हाईस्कूल-------इंटरमीडिएट
खतौली-----4749----------3661
बुढ़ाना------5254----------4145
सदर-------16412---------12400
जानसठ------5591---------4449
-------------
प्राइवेट वर्ग के आंकड़े
हाईस्कूल------1105
इंटरमीडिएट----3677