पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। खंड विकास क्षेत्र के ग्राम भूराहेड़ी के किसान ने ट्रेंच विधि से 16.5 फुट का गन्ना तैयार कर 100 क्विंटल प्रति बीघा की फसल पैदावार कर अपनी आमदनी में भारी इजाफा किया है। वहीं अधिक पैदावार कर क्षेत्र में नाम भी कमाया है।
प्रगतिशील किसान हरपाल सिंह और अंकित चौधरी बताते हैं कि गन्ने की बुआई ट्रेंच विधि से की गई है, जिसमें दो आंख की कांची को नौ इंच की दूरी पर लगाकर चार फुट पर गन्ना बोया गया है। जिसमें अन्य बीज से काफी कम मात्र एक कुंतल 80 किलो बीज प्रति बीघा लगा है। इसके अलावा प्रति बीघा मात्र 10 किलो डाई और पांच किलो यूरिया का स्प्रे के माध्यम से खाद लगाया गया है, जो काफी कम है। पानी भी कम देना पड़ता है। फसल में फंगस से बचाव के लिए बायोस्टीन का स्प्रे करना जरूरी है। ट्रेंच विधि से गन्ने की बुआई में कम लागत में अच्छी पैदावार और समय की बचत है। एक आंख की कांची लगाने पर मात्र 90 किलो बीज प्रति बीघा लगेगा और उसकी पैदावार भी बढ़ेगी। ग्राम प्रधान नवीन राठी ने बताया कि गन्ने की जानकारी मिलने पर गांव के कई अन्य किसान भी ट्रेंच विधि से गन्ना बोने की तैयारी कर रहे हैं।