डॉक्टर से माफी मंगवाने पर आक्रोश
चरथावल (मुजफ्फरनगर)। तीन दिन पूर्व अकबरगढ़ गांव के घायल भाकियू नेता के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर इलाज में कोताही बरतने के आरोप में भाकियू कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया था। आरोप है कि भाकियू नेताओं ने चिकित्सक का गिरेेबान पकड़कर उनसे और वार्ड ब्वॉय से माफी मंगवाई और उसका वीडियो भी वायरल कर दिया, जिससे जिले के आयुष चिकित्सकों, फार्मासिस्टों और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों में आक्रोश है। सोमवार को डॉक्टर अतुल कुमार ने भाकियू ब्लाक अध्यक्ष समेत चार लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। तीन दिन में कार्रवाई नहीं होने पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने हड़ताल पर चले जाने का अल्टीमेटम दिया है।
शनिवार को बकरीद पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओपीडी दोपहर 12 बजे तक थी। उस रोज कुछ लोग करीब एक बजे अकबरगढ़ में बुग्गी से गिरकर घायल हुए भाकियू ग्राम अध्यक्ष ओमबीर का मेडिकल कराने अस्पताल पहुंचे थे। वहां मौजूद चिकित्सक द्वारा माकूल इलाज नहीं करने पर खफा परिजनों ने भाकियू ब्लॉक अध्यक्ष विकास शर्मा समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं को सीएचसी पर बुला लिया था। उसके बाद परिजनों ने भाकियू नेताओं के साथ मिलकर हंगामा काटा और डॉक्टर को जबरन अपने बीच बैठाकर गाली-गलौज की। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर भाकियू नेताओं ने डॉक्टर और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से घायल की पत्नी से जबरन गिरेबान पकड़कर माफी मंगवाई और वीडियो बनाकर सोशल साइट्स पर वायरल कर दिया, जिससे विभाग के कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया। अपराह्न करीब चार बजे सीएचसी पर जिले के आयुष चिकित्सकों, फार्मासिस्टों एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की बैठक हुई। डॉ अतुल कुमार ने प्रतिनिधिमंडल के साथ भाकियू नेताओं के खिलाफ थाने में कार्रवाई की मांग को लेकर प्रभारी निरीक्षक डीके त्यागी को तहरीर दी। उन्होंने चेताया कि यदि तीन दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो कर्मचारी इमरजेंसी समेत तमाम स्वास्थ्य सेवाएं ठप कर बेमियादी हड़ताल करने पर विवश हो जाएंगे। जिलाध्यक्ष पवन गिरी, मौहम्मद हारुन फार्मासिस्ट यूनियन अध्यक्ष, वीरपाल, चतुर्थ श्रेणी संघ नेता, ललित मोहन, केंद्र प्रभारी अर्जुन सिंह आदि मौजूद रहे।