सांध्यकालीन कक्षाओं में छात्राओं को भी मिले प्रवेश
मुजफ्फरनगर। डिग्री कॉलेजों में सांध्यकालीन कक्षाओं में छात्राओं को भी प्रवेश दिए जाने की मांग को लेकर हंगामा हुआ। एबीवीपी ने एसडी कालेज में हंगामा कर एडमिशन में धांधली किए जाने के आरोप लगाए। प्राचार्य का घेराव कर कार्यकर्ताओं ने एडमिशन से वंचित छात्रों को एक और मौका दिए जाने की मांग की है।
एबीवीपी के गौरव पंवार के नेतृत्व में छात्र एसडी डिग्री कॉलेज पहुंचे। छात्रों ने प्राचार्य कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाए कि कॉलेज प्रशासन की लापरवाही के कारण सैकड़ों छात्र-छात्राएं प्रवेश पाने से वंचित हो गए है। उनका भविष्य अंधकारमय हो गया है। ऐसे में डिग्री कॉलेज में सेक्शन बढ़ाने के साथ ही सांध्यकालीन कक्षाओं का संचालन की मांग की गई। साथ ही कहा कि तत्कालीन प्रदेश सरकार ने सांध्यकालीन कक्षाओं में छात्राओं को प्रवेश देने पर पाबंदी लगाई थी, इसे अब खत्म किया जाए। प्राचार्य ने छात्रों को समझाकर शांत किया। कार्यकर्ताओं और छात्रों ने कहा कि इस संबंध में कार्रवाई नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान मोहित पंवार, प्रशांत ठाकुर, विकल चौधरी, भावेश शर्मा, साक्षी, नेहा गुप्ता, सोनल कुमारी, अक्षय शर्मा, संदीप वर्मा, पिंटू शर्मा, हर्षित बालियान आदि मौजूद रहे।