यूपी बोर्ड के विद्यार्थियों की बढ़ी धड़कनें
मुजफ्फरनगर। चौधरी चरणसिंह विश्वविद्यालय को यूपी बोर्ड के परीक्षा परिणाम का इंतजार है। रिजल्ट आने के बाद ही पंजीकरण शुरू कराए जाएंगे। सीबीएसई, आईसीएसई के परीक्षा फल आने से यूपी बोर्ड के विद्यार्थियों की धड़कनें बढ़ गई है। नौ जून को यूपी बोर्ड का रिजल्ट प्रस्तावित है।
डिग्री कालेजों ने यूजी कक्षाओं के लिए मैदान सजा लिया है। सीबीएसई और यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं को एडमिशन के लिए ऑफर दिए जा रहे हैं। सीबीएसई के छात्रों का रिजल्ट आने के बाद यूजी प्रोफेशनल कोर्सों में अनेक सुविधाएं गिनाई जा रही है। सीसीएसयू को भी यूपी बोर्ड के रिजल्ट का इंतजार है। क्योंकि विवि के यूजी के पंजीकरण में 70 फीसदी कोटा यूपी बोर्ड के छात्र-छात्राओं को आवंटित है, जबकि तीस फीसदी में सीबीएसई और आईसीएसई के छात्रों को एडमिशन दिया जाना होता है। शनिवार को सीबीएसई के दसवीं का परीक्षा परिणाम आने के बाद यूपी बोर्ड के परीक्षार्थियों की धड़कनें बढ़ गई हैं। जनपद में 53 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने यूपी बोर्ड की परीक्षा दी है। नौ जून को प्रस्तावित यूपी बोर्ड के रिजल्ट पर शहर के डिग्री कालेजों ने भी निगाह जमा ली है। वहीं, सेल्फ फाइनेंस कालेज आशंकित है कि छात्रों का रुझान ट्रेडिशनल कोर्सों में रहेगा या प्रोफेशनल की ओर झुकेंगे। पिछले दो साल से ट्रेडिशनल कोर्सों के बढ़ते क्रेज ने सेल्फ फाइनेंस कालेजों की नैया संकट में डाल दी है। विवि के सहायक प्रेस प्रवक्ता डॉ प्रशांत कुमार ने बताया कि विवि ने पंजीकरण कराने के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। किस पैटर्न पर एडमिशन लिए जाएंगे। इसकी जानकारी कालेजों को भेजी जा चुकी है। यूपी बोर्ड का रिजल्ट आने के बाद पंजीकरण शुरू होंगे।