जिले में 1477 कोरोना योद्धाओं को लगाया गया टीका
मुजफ्फरनगर। कोरोना से बचाव के लिए चल रहे टीकाकरण अभियान में जनपद में सोमवार को 1477 कोरोना योद्धाओं को कोविशिल्ड वैक्सीन के टीके लगाए गए। इनमें स्वास्थ्य कर्मी, पुलिस कर्मी, राजस्व कर्मी और नगर पालिका कर्मी शामिल रहे। उधर, पहले चरण में टीका लगवाने वाले 290 स्वास्थ्य कर्मियों को भी दूसरी डोज दी गई।
जनपद में दो चरण में टीकाकरण हो गया है। करीब ग्यारह हजार प्रथम पंक्ति के कोरोना योद्धाओं को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था। सोमवार को शेष बचे 4814 कर्मचारियों को टीका लगना था। जिले में 13 स्थानों पर 42 बूथ बनाए गए थे, जिसके सापेक्ष 1477 कर्मचारियों ने टीका लगवाया, जो 31 प्रतिशत रहा। सीएमओ डॉ प्रवीण चोपड़ा ने बताया कि बघरा में 92, बुढ़ाना में 105, चरथावल में 136, जानसठ में 58, खतौली में 342, मोरना में 122, पुरकाजी में 87, शाहपुर में 116 और शहरी क्षेत्र में 293 कर्मचारियों ने टीका लगवाया। इसके अलावा सोमवार को ही 16 जनवरी को पहली बार टीका लगवाने वाले 320 स्वास्थ्यकर्मियों को भी दूसरी डोज दी गई। इनमें से 290 स्वास्थ्य कर्मियों ने दूसरा टीका लगवाया। चरथावल में 82, जानसठ में 84, खतौली में 56 और सदर क्षेत्र में 68 स्वास्थ्य कर्मियों ने दूसरी डोज का टीका लगवाया है। यह टीकाकरण 91 प्रतिशत हुआ है।
तीसरे दिन भी कोरोना का कोई केस नहीं मिला
मुजफ्फरनगर। जनपद में लगातार तीसरे दिन भी कोरोना का कोई मरीज नहीं मिला है। बीते तीन दिनों को कोरोना संक्रमण को कोई भी केस सामने नहीं आया है। सोमवार को चार मरीज ठीक हुए। अब जनपद में कोरोना केस घट कर 25 रह गए है। जिनका उपचार चल रहा है।