बाबा श्याम के भजनों पर झूम उठे श्रद्धालु
देवबंद (सहारनपुर)। श्री खाटू श्याम सेवा समिति के तत्वावधान में श्री खाटू श्याम वंदना फाल्गुन महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान कलाकारों ने बाबा श्याम के मधुर भजनों का गुणगान कर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
शनिवार रात देवीकुंड स्थित सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य यजमान चौधरी मनमोहन गर्ग रहे। धर्म ध्वज की स्थापना त्रिवेणी शुगर मिल के उपाध्यक्ष दीनानाथ मिश्र द्वारा की गई। आयोजकों ने श्याम बाबा का विशाल दरबार फूलों से सजाया। कार्यक्रम में कोलकाता के सौरभ शर्मा, बरेली की अंजली द्विवेदी, अबोहर (पंजाब) के मयंक अग्रवाल और अलवर (राजस्थान) के पंडित सीताराम शर्मा ने श्याम बाबा के मधुर भजनों का गुणगान किया। श्याम बाबा को रिझाने के लिए भक्तजन भजनों पर झूम उठे। समिति द्वारा भक्तों के लिए एक चांदी की बांसुरी लकी से निकाली गई। मंच संचालन राजीव गुप्ता ने किया। इस मौके पर अजय सिंघल (बिट्टू), नीरज गर्ग, कमल शर्मा, उमेश खन्ना, पंडित विशाल शर्मा, संजय सिंघल, विशाल सैनी, ईशान गौड, राजेश भटनागर, भारत भूषण, गुड्डी राठी, पंकज शर्मा आदि मौजूद रहे।