बिना अनुमति चुनावी बैठक की सूचना पर दौड़ा प्रशासन
मुजफ्फरनगर। नई मंडी के कंबलवाला बाग में गठबंधन प्रत्याशी चौधरी अजित सिंह की बिना अनुमति के चुनावी सभा होने की सूचना पर पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में स्टेटिक मजिस्ट्रेट व थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कथित सभा की वीडियोग्राफी कराई, लेकिन जांच में प्रत्याशी के एक परिचित से मिलने आने की जानकारी मिलने पर अफसर बैरंग लौट गए। एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने बताया कि बिना अनुमति चुनावी सभा की जानकारी उन्हें मिली थी, जिस पर टीम को मौके पर भेजा गया। हालांकि जांच में चौधरी अजित सिंह के एक परिचित डॉक्टर के घर उनसे मिलने जाने की बात सामने आई, जिसके बाद टीम लौट गई।
कर ली गई थी मुकदमा दर्ज करने की तैयारी
मुजफ्फरनगर। गठबंधन प्रत्याशी चौधरी अजित सिंह द्वारा नई मंडी के कंबलवाला बाग में बिना अनुमति के चुनावी सभा करने की सूचना पर पुलिस-प्रशासन मुस्तैद हो गया था। सूत्रों के अनुसार एक ओर जहां टीम को सभा की वीडियोग्राफी करने के निर्देश दिए गए, वहीं दूसरी ओर मामले में चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में रिपोर्ट दर्ज करने की भी तैयारी कर ली गई थी। हालांकि मौके पर कुछ नहीं मिलने पर प्रशासन बैकफुट पर आ गया।