छात्र-छात्राओं ने किया कलात्मक सोच का प्रदर्शन
मुुजफ्फरनगर। तस्मिया स्कूल में 27वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। छात्र-छात्राओं ने विज्ञान प्रदर्शनी में अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वेस्ट मैटीरियल का बेस्ट यूज थीम पर तैयार किए गए सामान प्रदर्शित किए गए।
विज्ञान प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने मॉडल के जरिए रेसपायरेटरी सिस्टम, किडनी फिल्टरेशन, वाटर कंजरवेशन, विंड मिल आदि टॉपिक पर अपनी वैज्ञानिक समझबूझ से अतिथियों और दर्शकों को अवगत कराया। इससे पूर्व, स्कूल के अध्यक्ष डा. एस. फारूक ने मुख्य अतिथि एडीशनल डीएसपी विजिलेंस दिल्ली मोहम्मद अली, विशिष्ट अतिथि सैयद सउद इकराम रिजवी (आईएएस) , स्पेशल गेस्ट मिनिस्ट्री ऑफ फाइनेंशियल के एडवाइजर अख्तर उल हनीफ का गुलदस्ता लेकर स्वागत किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत जै़न उल आबदीन की तिलावते कलाम-पाक से हुई। प्रधानाचार्या डा. शबाना नजीर ने स्कूल की उपलब्धियां बताईं। स्कूल की मैगजीन नूर का विमोचन भी किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में एलकेजी और यूकेजी के छात्र-छात्राओं ने आज है संडे, हैप्पी होली डे गाकर खुशी का इजहार किया। कक्षा पांच के छात्रों ने पढ़ाई के प्रेशर बताते हुए ‘रटटा मार’ गीत प्रस्तुत किया। कक्षा सात की छात्राओं ने ‘पालिथीन’ और कक्षा आठ की छात्राओं ने ‘अभिभावकों, शिक्षकों और बच्चों’ को समर्पित एक कव्वाली प्रस्तुत की। स्कूल टॉपर्स, अच्छी उपस्थिति और खेल प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार दिए गए। विशिष्ट अतिथि सैय्यद सउद इकराम रिजवी ने कहा कि हमें विकास के लिए एक शिक्षित समाज बनाना होगा। किसी भी देश, समाज की तरक्की का एक मात्र जरिया सिर्फ शिक्षा ही है। मुख्य अतिथि मोहम्मद अली ने कहा कि बेटों के साथ बेटियों की शिक्षा पर भी जोर दिया। अख्तर उल हसन ने अभिभावकों को बच्चों के पूर्ण विकास और तकनीकी जानकार बनाने पर जोर दिया। डा. एस फ़ारूक़, जावेद मजहर ने सभी का आभार जताया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।