वॉलीबाल खिलाड़ी शुभम सहरावत का स्वागत किया
अमर उजाला ब्यूरो
मोरना। खेलो इंडिया वॉलीबाल प्रतियोगिता टीम में शामिल खिलाड़ी शुभम सहरावत का ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। वहीं, बाक्सिंग खिलाड़ी हर्षप्रीत के परिजनों को ग्रामीणों ने शुभकामनाएं दी।
नगर पंचायत भोकरहेड़ी के लक्कुपुरा दक्षिणी मोहल्ले में चौधरी हरेंद्र सिंह के आवास पर खेलो इंडिया में गोल्ड मेडल जीतकर आए युवा खिलाड़ियों का सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि डा. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि युवा शक्ति का प्रतीक है, इनको सही दिशा देकर अच्छे कार्य के लिए प्रेरित करें, तो ऐसे गोल्ड मेडल आना स्वाभाविक हो जाता है। युवा शक्ति ने हमेशा इतिहास रचे हैं। इस मौके पर पूर्व चेयरमैन राजेश सहरावत, गन्ना विकास परिषद चेयरमैन अजय सिंह, रविदत्त, ओमबीर बाबा, रामकुमार शर्मा, जसवीर सिंह, इंद्रपाल शास्त्री, प्रबंधक वरुण सहरावत, वेदवीर सहरावत, सतीश सहरावत, ब्रजवीर डायरेक्टर, नीटू डायरेक्टर, तरुण, शैकी, अंकित आदि ने खिलाड़ी शुभम सहरावत का स्वागत किया। इस मौके पर मोहल्ला नेहरू चौक के रहने वाले खिलाड़ी हर्षप्रीत सहरावत के पिता सतीश सहरावत को बेटे द्वारा बाक्सिंग में गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई दी। शुभम सहरावत ने बताया कि महाराष्ट्र के पुणे शहर में शिवाजी महाराज स्टेडियम में खेलो इंडिया प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। शुभम हाल में वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कालेज गोरखपुर में 10वीं का छात्र है और अंडर-17 के तहत कोच प्रियेश दूबे के नेतृत्व में मुजफ्फरनगर के गांव चांदपुर निवासी अंशुल, बेहड़ा अस्सा के विवेक तोमर व खतौली के तैयब चौधरी के साथ खेलो इंडिया प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की ओर से भाग लिया। वॉलीबाल टीम ने प्रथम मैच में आंध्र प्रदेश को 3-1, द्वितीय मैच में गुजरात को 3-1, तृतीय मैच में महाराष्ट्र को 3-0, सेमीफाइल में तमिलनाडु को 3-0 से हराते हुए फाइनल में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए गुजरात को 3-0 से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की। मुख्य कोच धर्मेंद्र बहादुर, पिता हरेंद्र सिंह, माता अनिता देवी व भाई वासू सहरावत ने शुभम की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया।