बाइक की भिड़त में युवक की मौत
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में पचेंडा रोड पर दो बाइक के बीच हुई आमने सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरे को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों की युवक तेज गति से बाइक चला रहे थे तथा दोनों की हेलमेट नहीं पहने थे।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की गांधी कॉलोनी स्थित पचेंडा मार्ग पर मंगलवार दोपहर को एक पब्लिक स्कूल के पास दो बाइक की बीच आमने सामने की भिड़त हो गई। दोनों युवकों के आपस में सिर टकराए और इसके बाद वो सिर के बल सड़क पर गिरे। बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर नई मंडी पुलिस पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। नई मंडी इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा ने बताया कि मृतक युवक की पहचान छपार थाना क्षेत्र के गांव घुमावटी निवासी मंजीत (25) पुत्र ईश्वर के रुप में हुई। जबकि घायल युवक पंचेडा कलां निवासी पंकज है। जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इंस्पेक्टर ने बताया कि दोनों युवक बिना हेलमेट के बाइक तेजी में चला रहे थे। इसी कारण हादसा हुआ। हेलमेट पहने होते तो युवक की जान बच सकती थी।