गंगनहर पटरी मार्ग पर बाइक-स्कूटर की भिड़ंत
भोपा। गंनगहर पटरी मार्ग स्थित भोपा-बेलड़ा के बीच में ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करते समय बाइक और स्कूटर की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में भाई-बहन सहित सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने राहगीरों की मदद से भोपा सीएचसी भेजा, लेकिन वहां डॉक्टर न होने के चलते करीब एक घंटे तक घायल ऐसे ही तड़पते रहे, जिससे गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा भी किया। बाद में सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया।
चरथावल निवासी अजय पुत्र गंगाचरण रविवार सुबह बाइक पर बहन अंजू व भाभी प्रीति पत्नी सोपाल को साथ लेकर बाइक पर रिश्तेदारी में जा रहा था। जैसे ही उनकी बाइक गंगनहर पटरी मार्ग पर भोपा व बेलड़ा के बीच पहुंची, बाइक चला रहे अजय ने आगे चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान उनकी बाइक सामने से आते तेज रफ्तार स्कूटर से जा भिड़ी। उक्त स्कूटर पर गांव बेलड़ा निवासी चार युवक नितिन, मनोज, सर्वेश व निखिल सवार थे। जबरदस्त भिड़ंत में बाइक सवार तीनों लोगों के साथ ही स्कूटर सवार चारों युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों के सभी घायलों को भोपी पीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर व अन्य कर्मचारी नहीं मिले। सूचना देने के बावजूद करीब एक घंटे तक भी कोई कर्मचारी सीएचसी नहीं पहुंचा, जिस पर गांव बेलड़ा के ग्रामीणों ने सीएचसी पर जमकर हंगामा करते हुए स्वास्थ्य विभाग कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाएए। विवाद बढ़ते देख पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजते हुए मामला शांत किया।
दोनों वाहनों के चालकों ने उड़ाईं नियमों की धज्जियां
भोपा। गंगनहर पटरी मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करते हुए हादसे का शिकार हुए बाइक व स्कूटर सवार सभी लोगों ने यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाई हुईं थीं। बाइक पर दो महिलाओं समेत तीन और स्कूटर पर चार युवक धड़ल्ले से सवारी कर रहे थे। इसके साथ ही किसी भी वाहन चालक द्वारा हेलमेट नहीं लगाए जाने की भी बात सामने आ रही है। यही कारण रहा कि हादसेे का शिकार हुए सभी सातों लोग सिर में चोटें लगने से गंभीर रूप से घायल हुए हैं।