खरखौदा। आए दिन कस्बे के व्यापारियों के प्रतिष्ठानों में हो रही चोरी एवं अन्य घटनाओं को लेकर खरखौदा पुलिस ने व्यापारियों के साथ बृहस्पतिवार कोबैठक की। जिसमें व्यापारियों को घटनाओं को रोकने के लिए कई जानकारियां दी गईं।
थाना परिसर में व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में नवनियुक्त थानाध्यक्ष कुलवीर सिंह ने व्यापारियों को बताया कि प्रतिदिन बदमाश जिले समेत पूरे उत्तर प्रदेश में लूट की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। यदि व्यापारी वर्ग थोड़ा सा सर्तक हो तो वारदातों पर अंकुश लगाया जा सकता है। कोई भी व्यापारी हापुड़ या मेरठ बाजार में सीधी नकदी न लेकर जाए बल्कि चेक का प्रयोग करे। यदि कोई व्यापारी बड़ा पैमेंट लेकर जाता है तो उसकी जानकारी पुलिस को दी जाए। उसको सुरक्षा दी जाएगी। वहीं, व्यापारी अपने-अपने संस्थानों के सामने रात्रि में लाइट एवं कैमरे की व्यवस्था जरूर करें। घोड़ा बुग्गी या अन्य वाहनों से यदि सामान का आवागमन किया जाता है तो उस पर जाल डालकर या पिन्नी से बांधकर सामान भेजा जाए। वहीं, पुलिस ने घटनाओं को रोकने के लिए व्यापारियों से भी कई सुझाव मांगे। इस मौके पर प्रहलाद सिंह त्यागी, राजीव त्यागी, विजय वर्मा, नितिन गर्ग, शहजाद, संजय सैनी, मूलचंद, गौरव, नरेश गर्ग, अब्दुल हक, हरिओम शर्मा, सतीश चंद, मनोज सिंघल, विनोद त्यागी, अनमोल गर्ग सहित कई लोग मौजूद रहे।