रामपुरी के कांवड़िये की मंगलौर में मौत
मुजफ्फरनगर। मोहल्ला रामपुरी निवासी कांवड़िये की मंगलौर में हुए हादसे में मौत हो गई। शव का पीएम कराने के बाद बृहस्पतिवार को यहां लाकर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामपुरी निवासी सतीश पुत्र ओमप्रकाश साथियों के साथ पवित्र गंगाजल लेने के लिए हरिद्वार गया था। वहां से लौटते समय रुड़की के मंगलौर में अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मारकर कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। साथियों द्वारा सतीश के परिजनों को हादसे की खबर दी गई, जिस पर रोते-बिलखते परिजन रुड़की के लिए रवाना हो गए हैं। कांवड़िये की मौत से क्षेत्र में गम का माहौल है। परिजनों के अनुसार, सतीश के शव का रुड़की में ही बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद शव को यहां लाकर उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।