लड़की की बरामदगी के लिए थाना घेरा
चरथावल। (मुजफ्फरनगर)। हिंडन नदी क्षेत्र के गांव से एक समुदाय की किशोरी को बरामद कराने के लिए परिजनों ने थाने में जमकर हंगामा किया। थाने में आरोपी पक्ष के लोगों के मौजूद होने के कारण पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को थाने से खदेड़ दिया। आरोपी युवक पुलिस तीन दिन से पुलिस हिरासत में है। उसके कब्जे से पुलिस लड़की को बरामद नहीं कर पा रही है। पुलिस द्वारा बलपूर्वक परिजनों को थाने से बाहर खदेड़ने का वीडियो भी वायरल होने से अफरातफरी मच गई।
तीन दिन पूर्व एक गांव की किशोरी लापता हो गई थी। परिजनों ने गांव के युवक के खिलाफ थाने में तहरीर देकर लड़की बरामद करने की मांग की थी। मामला अलग-अलग समुदाय से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने आरोपी युवक की तलाश की। पुलिस को युवक गांव में मिल गया। परिजनों के आरोप के कारण पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिए तीन दिन से थाने बैठा रखा है। परिजन रोजाना लड़के पर दबाव बनाकर लड़की बरामद करने की मांग कर रहे थे। बुधवार को पीड़िता के परिजनों ने थाने में बैठे युवक से अगवा लड़की को बरामद कराने के लिए हंगामा शुरू कर दिया। जबकि थाने में आरोपी पक्ष के लोग भी एकत्र थे। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने परिजनों को सख्ती दिखाते हुए थाने से बाहर खदेड़ा। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। महिलाओं के साथ भी पुलिस सख्ती से पेश आई। परिजनों ने पुलिस पर अभद्रता करने और लड़की को बरामद नहीं करने का आरोप लगाया। इस संबंध में पुलिस की कारगुजारी के संबंध में वीडिय़ो वायरल होने से महकमे में हड़कंप मच गया। उधर, थाना प्रभारी निरीक्षक विंध्याचल तिवारी ने बताया कि मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण हंगामा कर रहे परिजनों को थाने से बाहर भेजा गया है। उन्होंने किसी के साथ अभद्रता से इंकार किया।