बुढ़ाना। चौगामा नहर में पानी अधिक आने के कारण लोई गांव के पास नहर की पटरी टूट गई। जिससे किसानों की सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो गई। उपजिलाधिकारी ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने गांव वालों को नुकसान का मुुआवजा दिलवाने का भी आश्वासन दिया।
तहसील क्षेत्र के गांव लोई के जंगल से चौगामा नहर गुजरी हुई है। शनिवार को देर रात के समय अचानक नहर में पानी अधिक आने के कारण लोई गांव के पास ग्रामीण असगर के खेत में नहर की पटरी टूट गई। नहर की पटरी टूटने से ग्रामीण अब्दुल, अपलातून सहित दर्जनों किसानों की कई सौ बीघा फसल जलमग्न हो गई। घटना की सूचना ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों तथा उपजिलाधिकारी को दी। देखते ही देखते नहर का यह पानी गांव की ओर बढ़ने लगा। गांव का प्राइमरी स्कूल भी पानी भरने के कारण जलमग्न हो गया। घटना की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी कुमार भूपेंद्र लोई गांव पहुंचे। उन्होंने भी उच्च अधिकारियों सहित विभाग के अधिकारियों को सूचना देते हुए नहर की पटरी ठीक करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने एसडीएम को बताया कि उनकी गन्ने, ज्वार आदि की फसल बर्बाद हो गई है। नहर में पानी आवश्यकता से अधिक छोड़ा गया है। इसी कारण नहर की पटरी टूटी है। उपजिलाधिकारी कुमार भूपेंद्र ने गांव वालों को नुकसान की भरपाई करवाने का आश्वासन दिया। प्राइमरी स्कूल परिसर में पानी भरने के कारण स्कूल परिसर में खड़े खंभे व ट्रांसफार्मर गिरने का खतरा पैदा हो गया है। विद्युत निगम के अधिकारियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया तो बड़ी घटना घट सकती है।