बड़कली गांव में तीन मकानों पर छापा
मुजफ्फरनगर।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़कली गांव में तीन मकानों पर छापा मारा। तीनों मकानों में नकली मावा बनाए जाने की सूचना मिली थी। टीम ने कार्रवाई तीनों मकानों से मावे के सैंपल भरकर जांच के लिए लखनऊ भेजे हैं। एक मकान से टीम ने वनस्पति घी भी बरामद किया है। जांच-पड़ताल के बाद तीनों के विरुद्ध कार्रवाई होगी।
जनपद के गांव बड़कली में खाद्य सुरक्षा विभाग के अभिहित अधिकारी विनीत कुमार ने पुलिस फोर्स को साथ लेकर इस्लाम, नूरअली और राहत अली के मकान पर छापेमारी की। यहां बड़े पैमाने पर मावा बनाया जा रहा था। टीम को देखकर भट्टी संचालकों ने दरवाजे बंद करा दिए। इस पर पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर मकानों के दरवाजे खुलवाए। इसके बाद टीम ने अपनी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने कार्रवाई बीती देर रात की है। टीम तीनों स्थानों से मावे के चार सैंपल भरे हैं, जिन्हें जांच के लिए लखनऊ लैब में भेजा गया है। इस्लाम के यहां टीम ने वनस्पति घी बरामद किया है, जो मावे में प्रयोग किया जाना था। वनस्पति घी की मिलावट मावा को फेटयुक्त बनाया जा रहा है। गांव से दूर-दराज क्षेत्रों के अलावा दिल्ली, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, सहारनपुर, अंबाला आदि बड़े शहरों में सप्लाई किया जाता है। डीओ विनीत कुमार ने बताया कि इन मकानों पर शिकायत के आधार पर छापेमारी की गई है। कई अन्य भी मावा में मिलावट का धंधा कर रहे हैं, जिनकी सूची बनाई गई है। जल्द की टीम गठित कर छापामारी की जाएगी।