मंसूरपुर(मुजफ्फरनगर)। सोंटा रेलवे फाटक पर अंडरपास के निर्माण के लिए चल रहे खुदाई के काम को किसानों और ग्रामीणों ने रुकवाते हुए हंगामा कर दिया। इस दौरान टीम और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक भी हुई।
गांव सोंटा रेलवे फाटक पर अंडरपास के निर्माण की खुदाई के लिए रेलवे के इंजीनियर व अन्य कर्मचारी पहुंचे। जैसे ही सोंटा, दुधाहेड़ी, मंसूरपुर के ग्रामीणों और किसानों को अंडरपास निर्माण का पता चला। वे एकत्र होकर रेलवे फाटक पर पहुंच गए और वहां पर खुदाई का कार्य रुकवा दिया। किसानों का कहना था कि अंडरपास की चौड़ाई 13 फुट है, जो बहुत ही कम है। इससे होकर गन्ने की बुग्गी, ट्रैक्टर ट्राली नहीं जा सकेगी। इसलिए अंडरपास की चौड़ाई बढ़ाई जानी चाहिए तभी जाकर वह अंडरपास का निर्माण होने देंगे। मौके पर पहुंचे रेलवे के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार व जेई मनीष कुमार से किसानों की झड़प हुई। किसान रेलवे फाटक के पास धरना देकर बैठ गए।
किसानों का कहना था कि 13 फुट की चौड़ाई पर अंडरपास का निर्माण किसी भी कीमत पर नहीं होने देंगे। मौके पर पहुंचे तहसीलदार अमित कुमार ने बताया की समस्या को सुलझाने के लिए किसानों की रेलवे विभाग व प्रशासन की शाम के समय सोंटा गांव में बैठक होगी। उसमें ही कोई निर्णय लिया जाएगा। मौके पर भाकियू नेता संजीव राठी, रालोद नेता विकास बालियान, जिला पंचायत सदस्य संजय राठी, प्रदीप चौधरी, मास्टर संजीव राठी, पंकज राठी, इंदर भगत जी, योगेश, अमित राठी आदि शामिल रहे। भाकियू नेता चंद्रपाल फौजी का कहना है कि घासीपुरा फाटक पर अंडरपास की चौड़ाई 21 फुट है। सोंटा फाटक पर भी चौड़ाई 21 फुट होनी चाहिए तभी निर्माण कार्य होने दिया जाएगा।