सर्विस लेन नहीं बनी तो 21 को होगी महापंचायत
मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। गांव नावला में सर्विस लने तथा नेशनल हाईवे में कट की मांग को लेकर आयोजित पंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि सर्विस लेन तथा कट निर्माण का कार्य शुरू नहीं होता है तो 21 सितंबर को नावला में महापंचायत होगी।
नेशनल हाईवे से नावला, खेड़ी तगान, अंबरपुर आदि ग्रामों को सड़क जाती है। इन ग्रामों में जाने वाले मार्ग पर हाईवे पर कोई कट तथा सर्विस लेन नहीं है। ग्रामीणों की यह मांग काफी दिनों से चली आ रही है। कट न होने से कुछ ग्रामीणों ने अवैध रूप से कट बना रखा है। इस कारण दर्जनों दुर्घटनाएं हो चुकी है। हादसे में कई लोग अपनी जान गंवा चुके है। किसानों को अपनी बुग्गियां तथा वाहन लाने में काफी परेशानी उठानी पड़ती है। नेशनल हाईवे के परियोजना निदेशक दिनेश कुमार ने ग्रामीणों को बताया था कि 750 मीटर सर्विस रोड स्वीकृत हो गई है। इसके लिए अभी तक कोई कार्य शुरू नहीं कराया गया है। कार्य शुरू न होने पर 21 को नावला में महापंचायत होगी। जिसमें आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। पंचायत में प्रमोद कुमार, अजय त्यागी, सुधीर कुमार, पूर्व प्रधान नरेंद्र, महेंद्र सिंह, सुखवीर सिंह, कांति प्रसाद, मंगूराम त्यागी, जसवंत, महेश कुमार, विजय त्यागी, विनोद कुमार, ओमपाल, ब्रजपाल आदि मौजूद थे।