लांस एंजिल्स में दो गोल्ड समेत पांच पदक जीते
छपार (मुजफ्फरनगर)। सीमा सुरक्षा बल के जवान मोनू गुर्जर ने अमेरिका के लांस एंजिल्स में हुई शूटिंग प्रतियोगिता में दो गोल्ड पदक सहित पांच पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। गांव में पहुंचने पर ग्रामीणों ने स्वागत समारोह में ट्राफी भेंटकर उसे सम्मानित किया। उसने गांव में बच्चों के लिए एक शूटिंग रेंज चलाने के लिए ग्रामीणों का सहयोग मांगा है।
गांव तेजलहेड़ा निवासी स्वर्गीय कर्णपाल सिंह का बेटा मोनू गूर्जर सीमा सुरक्षा बल में हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में तैनात है। दो सप्ताह पूर्व अमेरिका के लांस एंजिल्स में हुई पुलिस वर्ल्ड गेम प्रतियोगिता में उसने दो गोल्ड, दो सिल्वर व एक कांस्य पदक जीता। उसने अमेरिका के शहर वाशिंगटन में 2015 में हुई प्रतियोगिता में भी सात पदक जीते थे। मोनू ने गांव में पहुंचने से पहले गांव रेत्ता नगला में स्थित बाबा कैल मंदिर के दर्शन कर प्रसाद चढ़ाया। ग्रामीणों ने भारी संख्या में पहुंच कर बरला चौराहे पर उसका स्वागत किया। गांव के प्राइमरी स्कूल में ग्राम प्रधान नरपत सिंह की अध्यक्षता में स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि विधायक प्रमोद ऊटवाल रहे। सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी ईलम सिंह ने कहा कि इससे गांव के बच्चों व नौजवानों को प्रेरणा लेनी चाहिए। मोनू ने समारोह में आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह गांव एक शूटिंग रेंज चलाना चाहता है इसके लिए उसे पूरे गांव के सहयोग की जरूरत है। स्वागत समारोह में गोपाल त्यागी, बीडीओ राजकुमार, कोच विरेंद्र सिंह ,संजीव कुमार ने मोनू को आशीर्वाद दिया। अक्षय कुमार, सुदेश पाल, सेठपाल, ब्रह्मसिंह, खैरुद्दीन, राजबीर, चंद्रपाल, सत्यपाल, विरेंद्र सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
पांच हजार के इनामी आलिम को दबोचा
छपार। पुलिस ने गैंगस्टर में वांछित पांच हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार करके जेल भेजा। गांव भैंसरहेड़ी निवासी मोहम्मद आलिम गोकशी के मामले में कई महीने से फरार चल रहा था। पुलिस की ओर से उस पर पांच हजार रुपये का ईनाम घोषित था। पुलिस ने उसे रामपुर चौराहे से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।