कार्रवाई नहीं होने पर करेंगे बेमियादी हड़ताल
खतौली। तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने तहसील में एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए अधिवक्ता के साथ अभद्रता करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भिजवाने की मांग की है। चेतावनी दी कि यदि आरोपी की गिरफ्तारी की मांग नहीं हुई तो बेमियाद हड़ताल की जाएगी।
अधिवक्ता मनोज भाटिया के साथ विगत दिवस कोतवाली में एक व्यक्ति ने अभद्रता कर दी थी। जिसको लेकर व्यापारियों और पंजाबी समाज के लोगों ने सीओ डॉ. राजीव कुमार सिंह का घेराव भी किया था। शुक्रवार को बार एसोसिएशन के वकील एकत्र होकर तहसील में एसडीएम कन्हई से मिले। कहा कि एक व्यक्ति ने अधिवक्ता मनोज भाटिया के साथ अभद्रता कर दी थी। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की। अधिवक्ताओं ने अपनी मांग का एक ज्ञापन भी एसडीएम को सौंपा। अध्यक्ष कैलाश चंद गुप्ता का कहना है कि अगर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे पहले जिला बार संघ को अवगत कराएंगे। इसके बाद बार कौंसिल को लिखकर भेजा जाएगा। मौके पर अध्यक्ष कैलाश चंद, महामंत्री चतरपाल, पूर्व अध्यक्ष नवीन उपाध्याय, राजबीर गुर्जर, दिमाग सिंह, मनोज भाटिया, सुमित, शकुंतला देवी, राजेश कुमार, सरदार जितेंद्र सिंह आदि अधिवक्तागण शामिल रहे।