ईद की छुट्टी में खुली जीएसटी हेल्प डेस्क
मुजफ्फरनगर। वाणिज्य कर विभाग जीएसटी को लेकर पूरी तरह गंभीर है। सोमवार को ईद की छुट्टी होने के बाद भी कार्यालय और हेल्प डेस्क खुले। अधिकारियों ने व्यापारियों को जीएसटी में माइग्रेशन करने के लिए प्रेरित किया।
असिस्टेंट कमिश्नर एवं जीएसटी के नोडल ऑफिसर डीएस गौतम ने बताया कि हेल्प डेस्क सुबह आठ बजे से शाम आठ बजे तक प्रतिदिन काम कर रही है। 25 जून से माइग्रेशन का काम दोबारा शुरू हो गया है। व्यापारियों को बताया जा रहा है कि वह कैसे जीएसटी माइग्रेट हो सकते हैं। गौतम ने बताया कि हेल्प डेस्क में कंप्यूटर, प्रिंटर, स्कैनर के साथ इंटरनेट की भी सुविधा है। इसके लिए दो शिफ्ट में अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। एक पाली के अधिकारी सुबह आठ बजे से दो बजे तक और दूसरी के दो से शाम आठ बजे तक रहते हैं। प्रत्येक शिफ्ट में एक असिस्टेंट कमिश्नर, एक वाणिज्यकर अधिकारी और पांच कर्मचारी लगाए गए हैं। व्यापारी किसी भी जानकारी के लिए विभाग के लैंडलाइन 0131-2430194 पर फोन कर सकते हैं। विभाग के अधिकारियों से भी उनके फोन पर सीधे बात कर व्यापारी जानकारी ले सकते हैं।