देवबंद (सहारनपुर)। सिद्धपीठ श्री राधा रुकमणि वल्लभ मंदिर (नाभावाला) में भव्य एवं परंपरागत होली उत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें भजन गायकों ने मधुर भजनों और होली गीतों से ठाकुरजी को रिझाया। वहीं, श्रद्धालुओं ने भी ठाकुरजी व राधा रानी के संग फूलों की होली का आनंद उठाया।
शास्त्री चौक स्थित मंदिर में कार्यक्रम का उद्घाटन हरि राजकुमार, दीप प्रज्ज्वलित देवीदयाल गर्ग, ठाकुरजी को माल्यार्पण व धर्म ध्वज की स्थापना अरविंद गुप्ता ने की। इसके बाद ब्रज रसिक नितिन भारती और पारुल गाबा ने ठाकुरजी के मधुर भजनों से श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर दिया। फाग खेलन बरसाने आए हैं नटवर नंदकिशोर और आज ब्रज में होरी रे रसिया आदि भजनों पर श्रद्धालुओं ने जमकर फूलों की होली खेली। श्रद्धालुओं पर इत्र भरी पिचकारी की बौछार ने वातावरण को होलीमय बना दिया। प्रसाद वितरण नवीन शर्मा और आशीष शर्मा द्वारा किया गया। अतिथियों को पटका पहनाकर व ठाकुरजी का चित्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पंडित देवेंद्र दत्त शर्मा, देवीदयाल शर्मा, सन्नी दत्ता, डा. अरविंद जौहरी, आदेश सैनी, सुशील कर्णवाल, उमेश सैनी, प्रवीण गोयल, मोनू सैनी, शुभमराज सिंघल, सुनील धीमान, रविंद्र कश्यप, सुरेंद्र प्रजापति आदि मौजूद रहे।