वाद-विवाद प्रतियोगिता में साक्षी और शमा प्रथम रहे
देवबंद (सहारनपुर)। राजकीय महाविद्यालय कपूरी गोविंदपुर में अटल जयंती समारोह की कड़ी में मंगलवार को ‘राष्ट्रवाद से बड़ा कोई धर्म नहीं है’ शीर्षक पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई।
पक्ष में बीए प्रथम की छात्रा साक्षी प्रथम, करेशनी द्वितीय और विपक्ष में बीए प्रथम वर्ष की शमा प्रथम स्थान और मोईन त्यागी द्वितीय रहे। इसी तरह भाषण प्रतियोगिता में नीतू त्यागी प्रथम, गौरव कुमार द्वितीय और अनुराग पाटिल तृतीय स्थान पर रहे। प्राचार्य डा. विपिन कुमार गिरि ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी कुशल राजनेता और उच्च कोटि के वक्ता होने के साथ-साथ कवि भी थे। उनका ओजस्वी व्यक्तित्व सबकों प्रेरणा देता रहेगा। प्राध्यापक डा. अरविंद कुमार ने छात्रों को समझाया कि वह उड़ान ऊंची रखे तभी सफलता मिलती है। डा. लता शर्मा ने कहा कि हमें जाति, मजहब से अलग हटकर राष्ट्र प्रेम के बारे में सोचना चाहिए। डा. रेणु ने कहा कि वाजपेयी जी को वर्ष 2014 में सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। प्राध्यापक डा. धीर सिंह और डा. संगीता तोमर ने कहा कि अटल जी ने राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत अनेक पत्र-पत्रिकाओं का संपादन भी किया। मेरी इक्यावन कविताएं वाजपेयी जी का बहुचर्चित काव्य संग्रह है। इस मौके पर नेहा, स्वाति, फरहाना, अनुप्रिया, गौरव, विशु शर्मा, नितिन, आकांक्षा शर्मा आदि रहे।