म्हाड़ी पर प्रसाद चढ़ाकर मांगी मन्नत
पुरकाजी। कस्बे में लगने वाले तीन दिवसीय मेला छड़ियान का मंगलवार को पूजा अर्चना के बाद शुभारंभ हुआ। दूर दराज इलाकों के लोग यहां म्हाड़ी पर प्रसाद चढ़ाने आते हैं। मेले का शुभारंभ होते ही म्हाड़ी पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। काफी संख्या में लोगों ने म्हाड़ी पर निशान और प्रसाद आदि चढ़ाकर गोगा जाहरवीर के चरणों में माथा टेककर अपने परिवारों में खशहाली व सुख समृद्धि की मन्नत मांगी। मेले में खिलौने, मिट्टी के बर्तन, चाट, मिठाई आदि की दुकानें लगाई गई। हिंडोले और चकरी पर झूला झूलकर बच्चों और युवाओं ने मेले का जमकर लुत्फ उठाया।
लखनऊ चलने की अपील
पुरकाजी। खंड विकास कार्यालय पर मंगलवार को प्रधानों की हुई बैठक में जिलाध्यक्ष ने ब्लॉक पुरकाजी के प्रधानों से आगामी 24 सितंबर में होने वाले कार्यक्रम में लखनऊ चलने की अपील की। जिलाध्यक्ष सतेंद्र प्रधान बरवाला ने बताया कि आगामी 24 सितंबर को लखनऊ में ग्राम प्रधानों के वेतन, पेंशन और शस्त्र बनाने आदि बीस मांगों को लेकर अखिल भारतीय प्रधान संगठन के बैनर तले प्रदर्शन कार्यक्रम होगा। इस दौरान प्रधानों ने पुरकाजी बीडीओ और ग्राम सचिवों पर भी सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाकर बेवजह परेशान करने का आरोप लगाया। बैठक में संगठन के महामंत्री विजय त्यागी, ब्लॉक अध्यक्ष नवीन राठी, ग्राम प्रधान प्रताप सिंह, मगन सिंह, जसवंत त्यागी, राजकुमार, नेपाल सिंह, अर्जुन सिंह, उवेश अहमद, मनीष चौधरी, ऋषिपाल, मांगेराम त्यागी, हरिओम त्यागी आदि रहे।