मुजफ्फरगनर। कलक्ट्रेट सभागार में आगामी पेराई सत्र, बकाया गन्ना भुगतान और समिति कमीशन को लेकर डीएम ने चीनी मिल प्रबंधकों के साथ बैठक की। उन्होंने 15 अक्तूबर से नए सत्र का शुभारंभ करने के निर्देश दिए। इससे पहले चीनी मिलों को समस्त तैयारियां करने को कहा।
बैठक में डीसीओ राजेश धर द्विवेदी ने बताया कि बीते सत्र में जिले में 932.65 लाख कुंतल गन्ने की खरीद हुई। चीनी मिलों को कुल 2984.35 करोड़ का भुगतान करना था, इसमें से 2319.17 करोड़ का भुगतान हो गया है। चीनी मिलों पर अभी भी 665 करोड़ 18 लाख बकाया है। डीएम राजीव शर्मा ने कहा कि 2018-19 का पेराई सत्र 15 अक्तूबर से प्रारंभ होना चाहिए, इसके लिए सभी चीनी मिल तैयारी कर लें। चीनी मिलों को रिपेयर आदि कराकर दस अक्तूबर तक पूरी तरह तैयार कर लें। मिल प्रबंधकों से उन्होंने कहा कि गन्ना भुगतान में वह तेजी लाएं। बैठक में डॉ अशोक कुमार, राज सिंह चौधरी, प्रबुद्ध चौबे, नगेंद्र चौधरी, बलधारी सिंह, जेबी तोमर, सईम अंसार, कुलदीप राठी, नरेश मलिक, मोहनलाल शर्मा, विवेक कुमार आदि मौजूद रहे।