सेवा शिविर व दुकानों पर खाद्य सामग्री की जांच
मुजफ्फरनगर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने मंगलवार को कांवड़ यात्रा के मद्देनजर हाइवे के साथ ही खतौली व बुढ़ाना क्षेत्र में लगे सेवा शिविरों व यात्रा मार्ग पर स्थित दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य सामग्री की जांच-पड़ताल की। दुकानदारों व शिविर संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता व स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग के अभिहित अधिकारी विनीत कुमार के नेतृत्व में विभाग की टीमों ने मंगलवार को जनपद में हाइवे के साथ ही खतौली व बुढ़ाना स्थित कांवड़ सेवा शिविरों और यात्रा मार्ग पर स्थित ढाबे, चाय व मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। टीम द्वारा शहर के जानसठ रोड व अलमासपुर में कई ढाबों का निरीक्षण किया। इस दौरान महेश बंसल के ढाबे पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता व स्वच्छता बनाए रखने की हिदायत दी। हाइवे पर नरा जड़ौदा स्थित न्यू ओमजी ढाबा, भारद्वाज ढाबा, गणपति ढाबा व मां की रसोई पर भी खाद्य पदार्थों की जांच कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। बुढ़ाना तहसील क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रेमचंद, जानसठ तहसील में डॉॅक्टर विकास कुमार व खतौली तहसील में मोहित कुमार द्वारा खाद्य पदार्थों का निरीक्षण किया गया। टीम में विनीत कुमार, सुशील मिश्र, राकेश कुमार, राजीव कुमार व कृष्ण कुमार मौजूद रहे।
शिवभक्तों की सेवा की तैयारी में जुटे भक्त
मीरापुर। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने अपने शिवालयों की ओर जाने वाले शिवभक्तों की सेवा के लिए क्षेत्र में कांवड़ सेवा शिविर लगाने की तैयारियां शुरू हो गई। विगत वर्षों की भांति कांवड़ियों की सेवार्थ कुतुबपुर नहर पुल, जानसठ रोड पर तीन जगह, रामराज रोड पर सिनेमा के पास, सैनी शिव मंदिर के पास, पंजाबी कालोनी, राम मंदिर आदि एक दर्जन स्थानों पर सेवा शिविरों का आयोजन किया जाना है। इसके लिये संबंधित लोगों ने शिवभक्तों के ठहरने, स्नान, शौचालय, चिकित्सा, भोजन आदि की व्यवस्था की है। उधर, प्रसिद्ध पंचमुखी महादेव मंदिर पर भी तैयारियां जोरों पर हैं। मंदिर समिति के अध्यक्ष नरेंद्र गर्ग ने बताया कि इस वर्ष बड़ी संख्या में कांवड़ आने की आशा है। इसी के मद्देनजर मंदिर परिसर में शिवभक्तों के लिए व्यवस्था की जा रही है।