खतौली। गांव बुआड़ा खुर्द के प्राथमिक विद्यालय में आर्ट एंड ड्राइंग कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें हरिद्वार से आए 16 वर्षीय चित्रकार विजय राजपूत ने छात्र छात्राओं को अच्छे चित्र बनाने के गुर सिखाए। कार्यशाला में परिषदीय स्कूल बुआड़ा खुर्द के अलावा विभिन्न विद्यालयों में पढ़ने वाले कुल 96 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
प्रधानाध्यापक विक्रांत कुमार ने बताया कि सभी प्रतिभागियों को आयु के अनुसार तीन भागों में बांटा गया। छह वर्ष से आठ वर्ष आयु वर्ग में विधान, छवि व लक्ष्मी, 9 वर्ष से 11 वर्ष आयु वर्ग में विधि, रिदम व प्रशांत, 12 वर्ष से 14 वर्ष आयु वर्ग में तनु, सलोनी व रितिक ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी छात्र छात्राओं ने विजय राजपूत की पेंटिंग्स की प्रदर्शनी भी देखी। विजेताओं को ग्राम प्रधान लक्ष्मीचंद, रसायन प्रवक्ता राजकुमार जैन ने प्रमाण पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यशाला में सहायक अध्यापिका संगीता सिंह, हेमलता रानी, मिलन देवी, अमरदीप का योगदान रहा। कंवरपाल सिंह, राजपाल सैनी, सुरेश, राजेंद्र सैनी व दिनेश उपस्थित रहे।