रैली निकाल कर शिक्षा के प्रति जागरूक किया
मीरापुर। सर्वशिक्षा अभियान के अंतर्गत कस्बे के अनेक विद्यालयों में रैली निकाल कर लोगों को प्रवेश के लिए जागरूक किया। नगर पंचायत कैथौड़ा के तहत आने वाले समस्त प्राथमिक विद्यालयों सुक्खन लाल आदर्श कन्या इंटर कालेज, गुरु तेग बहादुर स्कूल के बच्चों ने स्कूल चलो अभियान के लिए रैली निकाली। रैली का शुभारंभ कन्या इंटर कालेज की प्रधानाचार्या रेणू बेदी ने सेंट जेवियर्स वल्र्ड स्कूल की प्रधानाचार्या शैली गांधी, समाजसेवी कमल प्रकाश आर्य ने झंडी दिखाकर किया। रैली का नेतृत्व शंकुल प्रभारी मयंक शर्मा, मोहम्मद आरिफ, अनिता शर्मा, बिटवा रानी, प्रियंका शर्मा, मोहनदास आदि ने किया।
क्रिकेट एसोसिएशन पर धांधली का आरोप
मीरापुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा जिला स्टेडियम में अंडर 19 खिलाडिय़ों के चयन में भारी धांधलेबाजी का आरोप लगाते हुए एक पीड़ित पिता ने डीएम को पत्र प्रेषित कर चयन प्रक्रिया पर गंभीर प्रश्न खड़े किए हैं। मीरापुर के मोहल्ला मुश्तर्क निवासी शैलेंद्र शर्मा ने डीएम को प्रेषित शिकायती पत्र में कहा कि एक अप्रैल को जिला स्टेडियम में 14, 16, 19 वर्ष के युवकों को ट्रायल के लिए चुना गया था। इस ट्रायल के लिये 200 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया था। जबकि ट्रायल के लिए आए बच्चों से 300 प्रति बच्चा वसूल किया गया। पीड़ित पिता का कहना है कि चयन प्रक्रिया में पूरी धांधली व पक्षपात कर पात्र बच्चों की उपेक्षा की गई। पीड़ित ने डीएम से जांच पड़ताल कराने की गुहार लगाई है।