विद्युत बिल जमा होने पर भी आरसी भेजी
जानसठ। विद्युत निगम ने लापरवाही करते हुए विद्युत बिल जमा कराने के बाद भी दर्जनों उपभोक्ताओं की लाखों रुपए की आरसी काटकर तहसील को भेज दी। संग्रह अमीन के आने पर उपभोक्ताओं को आरसी कटने का पता चला। जिसको लेकर उपभोक्ताओं में रोष व्याप्त है।
विद्युत निगम द्वारा उपभोक्ताओं के बिल गलत भेजकर जहां उन्हें परेशान किया जा रहा है, वहीं निगम द्वारा एक दर्जन से अधिक उपभोक्ताओं द्वारा बिल जमा कराने के बाद भी उनकी लाखों रुपये की आरसी काटकर तहसील को भेज दी गई है। जानसठ के मोहल्ला सराय तुलसीराम निवासी सबीना बेगम ने एसडीएम को शिकायत करते हुए बताया कि उसने अपना विद्युत बिल सही कराकर जमा कर दिया था। इसके बाद भी विद्युत निगम ने तीन लाख 74 हजार रुपये की आरसी काटकर तहसील को भेज दी है। संग्रह अमीन उनके घर आकर परेशान कर रहे है। वहीं, कस्बा निवासी जरीफुददीन की एक लाख 42 हजार, बलवीर सिंह की एक लाख 36 हजार, स्टेप फॉरवर्ड पब्लिक स्कूल, अब्दुल अजीज, सलाउददीन, सौरभ, नीरज, मोहम्मद आरिफ आदि लोगों के बिल गलत आने के बाद निगम द्वारा बिल सही नहीं किया गया और आरसी काट कर भेज दी गई। इस लापरवाही के चलते बिल जमा होने के बाद भी आरसी भेजे जाने को लेकर उपभोक्ताओं में रोष व्याप्त है। अधिशासी अधिकारी विद्युत वितरण खंड अनुराग भल्ला ने बताया कि कंप्यूटर की गलत फीडिंग होने के कारण कोई गलत आरसी जारी हो गई है, उन्हें वापस मंगा कर सही करा दी जाएगी।