डीएम राजीव शर्मा ने कहा कि कृषक मेहनती होते हैं, उन्हें कृषि पैदावार लेने में बड़ी कठिनाई उठानी पड़ती है। किसानों की जो भी समस्याएं हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाना चाहिए। जिले की शुगर मिलें किसानों का एक-एक गन्ना पेराई करने के बाद ही बंद होंगी। इसके अलावा विद्युत कर्मचारी वसूली के लिए फील्ड में बिना आईकार्ड के न जाएं। संविदा कर्मचारियों को भी आईकार्ड जारी किए जाएं। इस दौरान किसान नेताओं ने भी डीएम के समक्ष अनेक समस्याएं उठाईं।
कलक्ट्रेट सभागार में डीएम और एसएसपी अनंतदेव तिवारी ने भाकियू के राकेश टिकैत एवं किसान प्रतिनिधियों के साथ मीटिंग का आयोजन किया, जिसमें किासानों की अनेक समस्याओं को लेकर मंथन किया गया। डीएम राजीव शर्मा ने कहा कि विद्युत निगम किसानों की समस्या पर ध्यान दें, जिनके विद्युत मीटर फास्ट चल रहे हैं, उनकी जांच कर ली जाए। डार्क जोन में किसानों को दिए जाने वाले कनेक्शन के संबंध में भी निर्धारित शुल्क से अधिक की वसूली न होने पाए। कर्मचारियों को आई कार्ड जारी किए जाएं। उन्होंने कहा कि कृषि उत्पादन मंडी में कृषकों की उपज के दाम उनके समर्थन मूल्य से कम पर न दिए जाने को लेकर निर्देश दिए हैं। चीनी मिलों के गेट के पास धर्मकांटों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश जिला गन्ना अधिकारी को दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शुगर मिलें किसानों का एक-एक गन्ना पेराई करने के बाद ही बंद होंगी। एसएसपी अनंतदेव तिवारी ने कहा कि जिले में अपराध को समाप्त करने में किसान प्रतिनिधियों एवं किसानों का अहम योगदान मिल रहा है। उन्होंने कहा कि किसी निर्दोष को जेल नहीं जाने दिया जाएगा। बैठक में सीडीओ अंकित अग्रवाल, एडीएम प्रशासन हरीश चंद्र आदि मौजूद रहे।