पूर्व अध्यक्ष के फोटो पर कालिख पोत दी
जानसठ। खतौली बस स्टैंड पर नगर पंचायत के यात्री शेड में लगे निवर्तमान चेयरमैन यनेश तंवर के होर्डिंग पर लगे फोटो पर शुक्रवार रात असामाजिक तत्वों ने कालिख पोत दी, जिसको लेकर समर्थकों में रोष व्याप्त है। पुलिस ने कालिख को पानी से धुलवाकर साफ कराया।
शनिवार सुबह निवर्तमान चेयरमैन यनेश तंवर की ओर से अपने कार्यकाल में लगाए गए पशु चिकित्सालय के सामने खतौली बस स्टैंड पर बनवाए गए यात्री शेड में लगे फोटो पर असामाजिक तत्वों द्वारा कालिख पोतने की सूचना पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए यात्री शेड को पानी से साफ करा दिया। इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि जिसने भी इस तरह की हरकत की है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।