शहर पर चढ़ा चुनावी रंग, वोटरों में उत्साह
मुजफ्फरनगर।
शहर नगर पालिका चुनाव के रंग में डूबा नजर आया। रोजमर्रा की जिंदगी पूरी तरह बदली दिखी। बस्तियों और मोहल्लों में बने बूथों पर मतदाताओं का उत्साह दिखाई दिया। प्रत्याशी वोटरों के अभिवादन के लिए बूथ-दर बूथ घूमती रहीं। सियासी पार्टियों के महारथी भी मतदाताओं का रुझान भांपने में मशगूल दिखे।
महिला चेयरमैन चुनने के लिए महिला मतदाताओं ने खूब वोट डाले। महिलाओं ने किचन से पहले रविवार को बूथों पर पहुंचकर मतदान की अहमियत दिखाई। परिवार के संग वोट डालने के बाद चेहरे की खुशियां अलग दिखाई दी। किदवईनगर के जैनबिया स्कूल में लंबी कतारें थी। खालापार स्थित तस्मिया और जैन इंटर कालेज में वोट करने को मतदाता उत्साही नजर आए। डीएवी इंटर कालेज के छह बूथों पर आसपास के कई कालोनियों के लोगों ने वोट डाले। पुरुषार्थी कन्या पाठशाला, चौधरी छोटूराम इंटर कालेज, वैदिक पुत्री पाठशाला कन्या इंटर कालेज नई मंडी में भी बड़ी संख्या में वोट डाले गए। गांधी कालोनी, आंनदपुरी, इंद्रकालोनी, रामपुरी और लददावाला के बूथों पर मतदाता घंटों लाइन में लगे। भाजपा प्रत्याशी सुधाराज शर्मा, कांग्रेस प्रत्याशी अंजू अग्रवाल और सपा प्रत्याशी मिथलेश पाल ने मतदान केंद्रों का भ्रमण कर वोटरों का अभिवादन किया।
आधार कार्ड की रही धूम
य चुनाव के मतदान में वोटर आईडी से ज्यादा आधार कार्ड की धूम रही। लाइनों में पहचान पत्र लिए खड़े मतदाताओं में सबसे अधिक प्रयोग आधार कार्ड का किया गया। बीते कई सालों में सरकारी प्रक्रियाओं में आधार कार्ड का महत्व बढ़ऩे का असर वोटरों के मन में दिखाई दिया। वोटर आईडी, पासपोर्ट, राशन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस का भी पहचान के लिए प्रयोग किया गया।
बाजार बंद, सड़क दिखी सूनी
मुजफ्फरनगर। मतदान के दिन शहर के बाजार बंद रहे। सड़कों पर सन्नाटा दिखा। कार, स्कूटर-बाइक भी कम ही नजर आई। मतदाताओं ने पैदल बूथों पर पहुंच वोट डालने का आनंद उठाया। सब्जी, फल और जरूरतमंद सामग्री की दुकानें भी शाम नहीं खुलीं। मतदान पूरा होने के बाद लोग सड़कों, चौराहों पर दिखाई दिए। शिव चौक, मीनाक्षी चौक, महावीर चौक, आहिलाबाई चौक पर देर शाम चहल-पहल हुई। सूनी सड़कों पर बच्चों ने क्रिकेट खेला।
पुलिसकर्मी मोबाइल पर रहे बिजी
मुजफ्फरनगर। शहरी क्षेत्र के बूथों पर मतदान के दौरान महिला और पुरुष पुलिस बल पर्याप्त संख्या में लगाया गया। ठंड में धूप खिली होने की वजह से पुलिस कर्मी धूप में अधिक दिखाई दिए। मतदाताओं को बूथों तक मोबाइल नहीं लाने दिया गया, मगर पुलिस कर्मी इधर-उधर मोबाइलों पर बात करते नजर आए। चौधरी छोटूराम इंटर कालेज में जोनल मजिस्ट्रेट ने ऐसे पुलिस कर्मियों को सख्त हिदायत दी। बूथों के पास प्रत्याशियों की टेबल पर भीड़ को तितर-बितर भी किया गया।