गीता को आज मिलेगा राज्य शिक्षक पुरस्कार
मुजफ्फरनरगर। वहलना उच्च प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका गीता रानी को मंगलवार को शिक्षक दिवस पर राज्य शिक्षक पुरस्कार मिलेगा। लखनऊ के लोकभवन में सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उन्हें इस पुरस्कार से नवाजेंगे। इस उपलब्धि पर गीता रानी के परिजनों में खुशी की लहर है।
शासन ने परिषदीय विद्यालयों में अच्छे शिक्षक कार्य, सामाजिक कार्य और शिक्षा के संवर्धन के लिए किए गए कार्यों को ध्यान में रखते हुए सूबे के 28 शिक्षकों और शिक्षिकाओं को राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित किया है, जिनमें जनपद की गीता रानी का नाम भी शामिल है। बीएसए चंद्रकेश यादव ने बताया कि राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए जिले से केवल गीता रानी का चयन हुआ है, जो जनपद के लिए गौरव की बात है। उन्हें लखनऊ आकर यह पुरस्कार ग्रहण करने का आमंत्रण पत्र भेज दिया गया है। गीता देवी वहलना के उच्च प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका है। शिक्षक कालोनी निवासी गीता रानी अपने परिजनों के साथ यह पुरस्कार लेने के लिए लखनऊ पहुंच गई है। मंगलवार को शिक्षक दिवस पर लोकभवन में सीएम योगी उन्हें इस पुरस्कार से सम्मानित करेंगे।
शिक्षक दिवस पर होगी फुटबाल प्रतियोगिताएं
मुजफ्फरनगर। पूर्व राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिन पांच सितंबर को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर स्कूलों में विभिन्न कार्यक्रम होंगे। साथ ही हर बीआरसी पर फुटबाल प्रतियोगिता कराई जाएगी।
बीएसए चंद्रकेश यादव ने बताया कि मंगलवार यानि आज शिक्षक दिवस मनाया जाएगा। जिले के सभी स्कूलों के संचालकों और प्रधानाध्यापकों को इस दिवस को मनाने के निर्देश दिए गए है। जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, विचार गोष्ठी, विभिन्न प्रतियोगिताएं कराने के निर्देश दिए गए है। साथ ही जिले की सभी बीआरसी पर फुटबाल मैच भी कराए जाएंगे। उधर, सलेमपुर के ज्योति श्याम कन्या इंटर कॉलेज में शिक्षक दिवस कार्यक्रम हुआ। छात्राओं ने अपने शिक्षकों को उपहार दिए। छात्राओं को टीचर डे के बारे में विस्तार से बताया गया। रीना तोमर, अश्वनी तोमर, शिवम गुप्ता, उपेंद्र कुमार, वैशाली, ईरम, सबा आदि मौजूद रहे।